azadi ka amrit mahotsav

वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान का हुआ शुभारंभ, 31 दिसंबर तक विभिन्न गांवों में लगेंगे शिविर

- बंदराना ग्राम पंचायत से हुई अभियान की शुरुआत, ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति किया जागरूक

Posted On: 21 Oct 2026 2:15PM

कैथल, 21 अक्टूबर। वित्तीय सेवा विभाग भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान का शुभारंभ बुधवार को ढांड ब्लॉक की बंदराना ग्राम पंचायत से हुआ। यह अभियान 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों में चलाया जाएगा। डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य आमजन को वित्तीय सेवाओं के प्रति जागरूक करना और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

          बंदराना ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस अवसर पर बीडीपीओ ढांड राज सिंह, ग्रामीण बैंक के रीजनल मैनेजर पीयूष कुमार, ग्रामीण बैंक के प्रधान कार्यालय से वित्तीय समावेशन प्रमुख अतुल गर्ग तथा सहकारी बैंक के महाप्रबंधक सुरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

          अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) सुमन कुमार ने बताया कि वित्तीय सेवा विभाग के निर्देशानुसार यह अभियान देशभर में ग्राम पंचायत स्तर पर चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।

          शिविर के दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जन सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही आपका पैसा, आपका अधिकार अभियान, बैंक खातों में नामांकन (नॉमिनेशन) के महत्व, केवाईसी अपडेट करवाने की आवश्यकता और वित्तीय साक्षरता के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने डिजिटल बैंकिंग का सुरक्षित इस्तेमाल करने तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी भी साझा की। एलडीएम सुमन कुमार ने बैंकों, बैंक मित्रों (बीसी), संबंधित विभागों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।


 

*****

 


(Release ID: 9673)