azadi ka amrit mahotsav

डीएपी खाद वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें अधिकारी : विपुल गोयल

- बायोमेट्रिक व्यवस्था वाले विभागों की होगी औचक जांच

Posted On: 21 Oct 2026 2:46PM

नूंह, 21 अक्टूबर। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निवारण करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। अधिकारी हों या जनप्रतिनिधि, सभी जनता के प्रति जवाबदेह हैं। यदि किसी व्यक्ति को किसी भी स्तर पर परेशानी होती है तो इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जो अधिकारी और कर्मचारी शिकायतों का समय पर समाधान करते हैं, उन्हें प्रोत्साहित भी किया जाएगा।

मंत्री विपुल गोयल बुधवार को नूंह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिवादों की सुनवाई कर रहे थे। बैठक में कुल 13 परिवाद रखे गए, जिनमें 11 नए तथा 2 पुराने परिवाद शामिल थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिवादों का गंभीरता से निपटारा करने के निर्देश दिए। अधिकांश मामलों में सकारात्मक कार्रवाई की गई, जबकि एक-दो मामलों में आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के लिए निर्णय लंबित रखा गया।

उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रत्येक अधिकारी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों के निवारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है। अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को जहां प्रोत्साहित किया जाएगा, वहीं लापरवाही बरतने वालों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों को समय पर डीएपी खाद उपलब्ध करवाने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद किसानों तक खाद पहुंचाने और इसकी कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में यदि किसी वितरक या दुकानदार की छोटी-सी लापरवाही के कारण किसान को खाद प्राप्त करने में परेशानी होती है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने उपायुक्त अखिल पिलानी को निर्देश दिए कि खाद वितरण व्यवस्था की निगरानी सुनिश्चित करें और किसानों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न होने दें।

बायोमेट्रिक व्यवस्था वाले विभागों की सूची तैयार कर औचक निरीक्षण करें अधिकारी

मंत्री विपुल गोयल ने उपायुक्त अखिल पिलानी को निर्देश दिए कि जिले में जिन-जिन विभागों में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू है, उन सभी विभागों की सूची तैयार की जाए। इसके बाद संबंधित कार्यालयों में समय-समय पर औचक निरीक्षण किए जाएं, ताकि कर्मचारियों की उपस्थिति और सरकारी कार्यप्रणाली की प्रभावी निगरानी हो सके। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में जवाबदेही बढ़ाना, लापरवाही पर अंकुश लगाना और आमजन को समय पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें। जन शिकायतों का निवारण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी की बायोमेट्रिक हाजिरी की जांच के उपायुक्त को दिए आदेश

 मंत्री विपुल गोयल ने बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति से संबंधित मामले पर जिला उपायुक्त को बायोमेट्रिक हाजिरी की जांच करने के आदेश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि बायोमेट्रिक उपस्थिति के रिकॉर्ड की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

शिकायत पर विभागीय रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई कर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की चेकिंग के आदेश

 गांव सिंघलहेड़ी में आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों को राशन वितरण में अनियमितता के आरोपों से संबंधित शिकायत पर महिला एवं बाल विकास विभाग से रिपोर्ट प्राप्त की गई। शिकायतकर्ता आसिफ पुत्र अब्दुल हमीद ने बच्चों के हिस्से का राशन वितरित नहीं किए जाने संबंधी आरोप लगाए थे।

मामले में परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, नूंह द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। शिकायत के संबंध में विभागीय रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई गई। इस मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी को जिला के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों की चेकिंग के आदेश दिए गए।

कब्रिस्तान की चारदीवारी करवाने के मंत्री ने दिए आदेश

 बैठक में कब्रिस्तान की चारदीवारी से संबंधित शिकायत पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को चारदीवारी करवाने के आदेश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए कब्रिस्तान की चारदीवारी का कार्य सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री ने सात दिन में जांच करने के दिए आदेश, डीएसपी करेंगे मामले की जांच

शिकायतकर्ता साहिला पत्नी रिजवान, निवासी फिरोजपुर झिरका की शिकायत पर पुलिस विभाग ने रिपोर्ट प्रस्तुत की। पति एवं अन्य लोगों के साथ विवाद और परेशान किए जाने से संबंधित शिकायत पर बैठक में शिकायतकर्ता की ओर से रखे गए मामले पर मंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए सात दिन के अंदर जांच पूरी करने के आदेश दिए। मंत्री ने निर्देश दिए कि मामले की जांच उप पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) द्वारा की जाएगी, ताकि शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर विधायक सोहना तेजपाल तंवर, जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक डा. अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एसडीएम फिरोजपुर-झिरका रुहानी, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र, जिला नगर आयुक्त शशि वंसुधरा, एसडीएम तावड़ू जितेंद्र कुमार, एसडीएम नूंह कुवंर आदित्य विक्रम, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार,नगराधीश अप्रितम सिंह, सिविज सर्जन डॉ ज्योत्सना, उप-सिविल सर्जन डा. विशाल सिंगला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

नगरपलिका फिरोजपुर-झिरका के चेयरमैन मनीष जैन, भानीराम मंगला, नरेंद्र पटेल, जाहिद बाई, हेमराज शर्मा, यशवंत गोयल सहित अन्य ग्रीवेंस कमेटी सदस्य मौजूद रहे।

       

 

*****

 


(Release ID: 9695)