फरीदाबाद के सूरजकुंड में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होगा "दीपावली मेला", फ्री होगी एंट्री
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 23 अक्टूबर को करेंगे मेले का शुभारंभ
- केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल 26 अक्टूबर को समापन समारोह में होंगे शामिल
- मेले में लगेंगी लगभग 300 स्टॉल, हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाकृतियों और देशभर के लजीज व्यंजनों का मिलेगा आनंद
Posted On:
21 Oct 2026 5:41PM
पलवल, 21 अक्टूबर। दीपावली के पावन त्योहार को खास बनाने और लोगों को खरीदारी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा पारंपरिक व्यंजनों का आनंद उठाने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला परिसर में शुक्रवार, 23 अक्टूबर से सोमवार, 26 अक्टूबर तक चार दिवसीय "दीपावली मेले" का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित होने वाले इस मेले का शुभारंभ शुक्रवार 23 अक्टूबर को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी करेंगे। उद्घाटन समारोह में हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविंद कुमार भी उपस्थित रहेंगे। वहीं, सोमवार 26 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में दीपावली मेला में शिरकत करेंगे।
उपायुक्त पलवल डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि सूरजकुंड दीपावली मेला लोगों के लिए खरीदारी, मनोरंजन और भारतीय संस्कृति से रूबरू होने का एक विशेष अवसर होगा। मेले में प्रसिद्ध सूफी एवं लोक गायक कंवर ग्रेवाल अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके अतिरिक्त, विशाल फूड कोर्ट में देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक एवं लजीज व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा।
उपायुक्त ने बताया कि मेले में 250 से अधिक स्टॉल लगाई जाएंगी। इन स्टॉल पर देश के विभिन्न क्षेत्रों के हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, पारंपरिक कलाकृतियां, घर की सजावट से संबंधित सामान तथा दिवाली के लिए उपयोगी वस्तुओं की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध होगी। इससे लोगों को त्योहार के अवसर पर पारंपरिक और आकर्षक उत्पाद खरीदने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सूरजकुंड दीपावली मेला भारतीय कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों को पहचान दिलाने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। चार दिवसीय इस मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजन और खरीदारी के साथ लोग दिवाली के उत्सव का आनंद ले सकेंगे।
000
*****
(Release ID: 9704)