azadi ka amrit mahotsav

दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप स्टेज-1 लागू, प्रदूषण नियंत्रण के लिए सतर्क रहें विभाग : उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर

- वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को प्रभावी कदम उठाने के दिए निर्देश

- वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी

- नागरिक खुले में कचरा न जलाएं, निर्माण सामग्री और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करें

Posted On: 21 Oct 2026 6:39PM
पलवल, 21 अक्टूबर।
दिल्ली-एनसीआर में बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने तत्काल प्रभाव से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के प्रथम चरण (स्टेज-1) को लागू कर दिया है। इसके मद्देनजर उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने संबंधित विभागों को प्रदूषण नियंत्रण संबंधी उपायों को तेज करने, सतर्कता बनाए रखने और ग्रैप के दिशा-निर्देशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वायु गुणवत्ता को और खराब होने से रोका जा सके।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदूषण फैलाने वाले कारकों पर निगरानी रखें। खुले में कचरा जलाने, निर्माण एवं तोड़फोड़ से उत्पन्न धूल तथा कचरे के अनुचित निस्तारण जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर आमजन से अपील की कि वे खुले में कूड़ा-कचरा और पत्तियां न जलाएं तथा घरेलू कचरे एवं निर्माण सामग्री का उचित तरीके से निस्तारण करें। नागरिक अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का प्रयोग करने से बचें और जहां तक संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। इसके साथ ही वाहनों का नियमित रखरखाव करवाएं और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी निर्धारित मानकों का पालन करें।

उपायुक्त ने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। सभी नागरिक अपने आसपास धूल और प्रदूषण फैलने से रोकने में सहयोग करें तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने बताया कि ग्रैप के तहत जारी संशोधित कार्ययोजना और दिशा-निर्देश वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट caqm.nic.in पर उपलब्ध हैं। सभी संबंधित विभाग इन दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
000

 

*****

 


(Release ID: 9706)