कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे और अग्रोहा का किया दौरा
हवाई अड्डे की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति पर की चर्चा
अग्रोहा पुरातात्विक स्थल के संरक्षण और विकास कार्यों का लिया जायजा, संग्रहालय व लाइट एंड साउंड शो की तैयारियों को लेकर दिए निर्देश
Posted On:
21 Oct 2026 9:04PM
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बुधवार को महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ हवाई अड्डे पर चल रहे कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कैबिनेट मंत्री ने महापौर प्रवीण पोपली के साथ अधिकारियों से विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति और आगामी कार्ययोजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हवाई अड्डे से संबंधित विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी करने, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति देने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए, ताकि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल किया जा सके। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा हिसार और आसपास के क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हवाई अड्डे से संबंधित सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाना चाहिए। कैबिनेट मंत्री ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर भी हवाई अड्डे के परिसर में उपयुक्त स्थान के जल्द से जल्द चयन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए और प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
इसके उन्होंने अग्रोहा स्थित पुरातत्व स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थल पर प्रस्तावित संग्रहालय और लाइट एंड साउंड शो को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से अब तक की गई खुदाई तथा आगामी चरणों में प्रस्तावित खुदाई कार्यों के बारे में विस्तार से चर्चा की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अग्रोहा का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व प्रदेश की गौरवशाली विरासत का अहम हिस्सा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, संवर्धन और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। अग्रोहा जैसे ऐतिहासिक स्थलों का विकास होने से नई पीढ़ी को अपने इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा तथा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुरातत्व स्थल के संरक्षण और विकास से जुड़े कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए। इस अवसर पर महापौर प्रवीण पोपली सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
*****
(Release ID: 9709)