azadi ka amrit mahotsav

जनसमस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता:- उपायुक्त सतबीर सिंह

समाधान शिविर उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

Posted On: 22 Oct 2026 3:52PM

रोहतक, 22 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चलाए जा रहे समाधान शिविर के तहत वीरवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों ने एक-एक करके सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनीं। इस दौरान प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, बिजली-पानी, राजस्व विभाग, नगर निगम, पुलिस विभाग तथा अन्य विभागों से संबंधित अनेक शिकायतें प्राप्त हुईं।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट निर्देश हैं कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और संबंधित विभाग द्वारा उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसेवा की भावना से कार्य करते हुए प्रत्येक शिकायत का निपटारा समयबद्ध तरीके से करें, ताकि नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि समाधान शिविर में अपनी समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक नागरिक को संतुष्ट करके ही भेजा जाए।
समाधान शिविर के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जिससे शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन का आभार जताया। वहीं, जिन शिकायतों के समाधान के लिए फील्ड वेरिफिकेशन या विभागीय प्रक्रिया की आवश्यकता है, उनके संबंध में संबंधित विभागों द्वारा समाधान की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी गई। उपायुक्त सतबीर सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे लंबित शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करें और एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) समय पर प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र ढुल, नगराधीश शुभम के अलावा नगर निगम, बिजली निगम, जनस्वास्थ्य विभाग व राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


 

*****

 


(Release ID: 9733)