Census Operations
जनगणना कार्य को निर्धारित प्रक्रिया अनुरूप संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
स्व-गणना 10 से 24 जनवरी 2027 तक, 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर जाकर होगी जनसंख्या गणना
Posted On:
22 Oct 2026 4:00PM
झज्जर, 22 अक्टूबर
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल संचालन को लेकर डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में झज्जर लघु सचिवालय सभागार में गुरुवार से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण का एक मात्र उद्देश्य जनगणना कार्य को व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराना है।
स्व-गणना और घर-घर जाकर होगी जनसंख्या गणना
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में हरियाणा में नागरिक 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना के माध्यम से ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित करेंगे। जनगणना का कार्य मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि जनगणना के कार्य को पूरी गंभीरता, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।
गुरुवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन जनगणना कार्य से जुड़े डिविजनल प्रभारी ओमप्रकाश और मोहित कुमार ने संबंधित चार्ज अधिकारियों व कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और चार्ज क्लर्क को उनके कार्यों एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
डिविजनल इंचार्ज ओमप्रकाश ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को प्रभावी, व्यवस्थित और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप संपन्न करवाना है। मास्टर ट्रेनर मोहित कुमार ने प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए कार्यों में समन्वय बनाए रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना करने पर जोर दिया।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर चार्ज अधिकारी एवं नायब तहसीलदार बेरी मनोज कुमार, अंशुल ,डीईओ रतिंद्र सिंह, ईओ देवेंद्र सिंह,डीएसओ युद्धबीर नांदल, एडीएसओ उषा मलिक सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
--------------
फ़ोटो कैप्शन : झज्जर लघु सचिवालय में गुरुवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के चलते चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण देते मास्टर ट्रेनर।
-----------------
*****
(Release ID: 9738)