azadi ka amrit mahotsav

जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक आयोजित, कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने 13 में से 11 परिवादों का किया मौके पर समाधान

Posted On: 22 Oct 2026 4:49PM

  स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में वीरवार को आयोजित जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की मासिक बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने 13 में से 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। शेष शिकायतों को आगामी बैठक के लिए लंबित रखते हुए उन्होंने समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपायुक्त महेंद्र पाल ने प्राप्त दिशा-निर्देशों की पूर्ण अनुपालना का भरोसा देते हुए कहा कि शेष शिकायतों का समाधान भी समयबद्धता के साथ करवाया जाएगा।
जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की मासिक बैठक में ऐरन गोल्ड सुक प्रोजेक्ट की कथित अनियमितताओं संबंधी मामले में कैबिनेट मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को ग्रीवेंस कमेटी के सदस्यों के साथ गंभीरता से जांच करके जल्द से जल्द अंतिम निर्णय लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मामला काफी समय से लंबित है इसलिए इसके समाधान की दिशा में ठोस निर्णय लें। आदमपुर निवासी सुरेश कुमार ने लगभग 12 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में कैबिनेट मंत्री को पुलिस अधीक्षक द्वारा अवगत करवाया गया कि मुख्य आरोपी विदेश में है। उसके विरुद्ध ब्ल्यू कॉर्नर नोटिस जारी करवा दिया गया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस मामले में प्रार्थी के पैसे वापिस मिलने चाहिए और आगामी एक महिने के अंदर ठोस कार्यवाही कर मामले का समाधान किया जाए। गांव सीसवाल निवासी राकेश द्वारा सीसवाल-कोहली रोड के निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच करवाकर निर्धारित मानकों के अनुसार सडक़ का निर्माण करवाने संबंधी मामले में जांच कर मामले का समाधान करवा दिया गया।
मिलगेट स्थित टिब्बा दानाशेर निवासी रेखा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सेक्टर 24 में आबंटित फ्लैट दिलवाने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने अवगत करवाया कि वे स्वंय मुख्यालय चंडीगढ़ जाकर संबंधित अधिकारियों से इस मामले पर चर्चा कर चुके हैं, जल्द ही इस पर निर्णय ले लिया जाएगा। आदमपुर निवासी विजेन्द्र की वन विभाग हिसार की एफ–37 भवन की बोली छुड़वाने संबंधी मामले पर  कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रार्थी 75 प्रतिशत राशि जमा करवाकर अपना कार्य पूर्ण कर सकता है। इस पर वन विभाग की और से भी सहमति जताई गई।
पटेल नगर निवासी शिव कुमार द्वारा थैलेसीमिया से प्रभावित बच्चों को महाराणा अग्रसेन सिविल हॉस्पिटल से दवाई न मिलने संबंधी शिकायत पर सिविल सर्जन द्वारा अवगत करवाया गया कि दवा आपूर्ति में दिक्कत आई थी, लेकिन अब इसका टेंडर हो चुका है और प्रार्थी को भविष्य में कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसी प्रकार प्रार्थी रणधीर शर्मा द्वारा खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट संबंधी मामले पर कैबिनेट मंत्री को अवगत करवाया गया कि मामले का समाधान कर दिया गया है। गांव भोजराज निवासी कृष्णा देवी की एचएसवीपी से रिफंड राशि संबंधित मांग पर भी अवगत करवाया गया कि प्रार्थी को  राशि रिफंड कर दी गई है। गांव हरिकोट निवासी रोशनी देवी की खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदलवाने संबंधी मांग, गांव सदलपुर ढाणी निवासियों द्वारा ट्यूबवेल व ढाणियों के लिए अलग बिजली सप्लाई संबंधी मांग तथा ग्राम पंचायत रावलवास से सरपंच राजेश कुमारी द्वारा पीने के पानी की लाइन को गांव की आबादी के साथ लगते शमशान घाट तथा कुछ ढाणियों को जोडऩे की मांग पर संबंधित अधिकारियों ने अवगत करवाया कि प्रार्थी की समस्याओं का समाधान कर दिया गया है।
गांव भगाणा निवासी सुनील कुमार ने बैंक द्वारा बिना सूचना के फसल बीमा का प्रीमियम काटने के मामले में कैबिनेट मंत्री ने बैंक अधिकारियों को हिदायत दी कि वे ऐसे मामलों में संबंधित किसान की सहमति लें। गांव बधावड़ के प्रार्थियों द्वारा बरवाला थाना पुलिस अधिकारियों और मेडिकल स्टाफ के खिलाफ शिकायत दी गई और पुलिस हिरासत में मारपीट, जबरन जमीन के कागजात पर हस्ताक्षर करवाने और गलत मेडिकल रिपोर्ट बनाने की बात रखी गई। इस मामले में कैबिनेट मंत्री ने ग्रीवेंस कमेटी के सदस्यों को जांच में शामिल करते हुए अगली बैठक तक अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया।
इस अवसर पर नलवा विधायक रणधीर पनिहार, उपायुक्त महेंद्र पाल, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, जिला नगरायुक्त सी जयाश्रद्घा, एसीयूटी विवेक यादव, अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश रोहित कुमार, ललित शर्मा सहित कष्ट निवारण समिति के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





 

*****

 


(Release ID: 9751)