बच्चों की प्रतिभा को निखारने में बाल महोत्सव की अहम भूमिका : टीनू पोसवाल
पानीपत, 22 अक्टूबर। जिला बाल कल्याण परिषद, पानीपत द्वारा बाल दिवस के उपलक्ष्य में बाल भवन में आयोजित बाल महोत्सव में पानीपत की सिटीएम टीनू पोसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि बाल महोत्सव बच्चों की प्रतिभा को पहचानने, निखारने और उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करता है। इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
उन्होंने बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ग्रुप डांस, बेस्ट ड्रामेबाज़, ग्रुप सॉन्ग, थाली-कलश डेकोरेशन तथा सोलो डांस जैसी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी कला, रचनात्मकता और मंचीय प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सामूहिक नृत्य एवं गायन की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया, जबकि छोटे बच्चों की सोलो डांस प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं, थाली-कलश डेकोरेशन गतिविधि में बच्चों की कलात्मक अभिव्यक्ति और रचनात्मक सोच देखने को मिली।
इस अवसर पर जिला बाल कल्याण अधिकारी श्रीमती रितु राठी ने बताया कि जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा प्रतिवर्ष बाल महोत्सव के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर प्रदान किए जाते हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना, उनकी छिपी प्रतिभा को सामने लाना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है।
जिला बाल कल्याण परिषद, पानीपत बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, रचनात्मक विकास और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
*****