सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल-2026 का रंगारंग आगाज
- उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने किया हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल-2026 का शुभारंभ
- कुश्ती की लोकप्रियता और अखाड़ों की परंपरा ने हरियाणा को खेलों के क्षेत्र में दिलाई विशिष्ट पहचान : उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर
- विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने निकाला मार्च पास्ट, खेल भावना से खेलने की शपथ ली
- पलवल में 22 से 24 अक्टूबर तक होंगे कुश्ती के रोमांचक मुकाबले
- हरियाणा केसरी पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को मिलेगा 1 लाख 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार
Posted On:
22 Oct 2026 7:32PM
पलवल, 22 अक्टूबर। हरियाणा खेल एवं युवा मामले विभाग की ओर से पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल-2026 का शुभारंभ उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आगाज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने मार्च पास्ट निकालकर खेल भावना, अनुशासन और एकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मुकाबले खेलने की शपथ भी दिलाई गई। 22 से 24 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में सीनियर आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला पहलवान हरियाणा केसरी, हरियाणा कुमार और हरियाणा कुमारी के खिताबों के लिए अपने दांव-पेंच दिखाएंगे। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 23 जिलों से 792 पहलवान भागीदार कर रहे हैं
खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम : उपायुक्त
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना भी विकसित होती है। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा उनमें टीम भावना, आपसी सहयोग और खेल भावना जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास करते हैं।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि हरियाणा की धरती का कुश्ती से गहरा और गौरवशाली नाता रहा है। प्रदेश के पहलवानों ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का नाम रोशन किया है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों से यह साबित किया है कि यदि लक्ष्य निर्धारित हो और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत की जाए, तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती।
उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल जैसी प्रतियोगिताएं प्रदेश की पारंपरिक खेल संस्कृति को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने और बड़े मंचों पर मुकाबला करने का अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती की लोकप्रियता और अखाड़ों की परंपरा ने हरियाणा को खेलों के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान दिलाई है। इस परंपरा को आगे बढ़ाने में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संगठनों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार खेल का हिस्सा हैं। प्रत्येक खिलाड़ी को सकारात्मक सोच, अनुशासन और पूरी मेहनत के साथ मैदान में उतरना चाहिए। खिलाड़ियों को अपने प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते हुए खेल के नियमों का पालन करना चाहिए तथा खेल भावना को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवान उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और भविष्य में राज्य एवं देश का नाम रोशन करेंगे।
उपायुक्त ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं खेल विभाग की टीम को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और प्रतिस्पर्धा के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है, ताकि प्रदेश की खेल प्रतिभाएं निरंतर आगे बढ़ सकें।
हरियाणा केसरी विजेता को मिलेंगे 1.51 लाख रुपए
कार्यकारी जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में हरियाणा केसरी, हरियाणा कुमार और हरियाणा कुमारी खिताबों के लिए मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। हरियाणा केसरी पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को 1 लाख 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को 51 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी।
इसी प्रकार, हरियाणा कुमार एवं हरियाणा कुमारी वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 51 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि अंडर-17 एवं अंडर-20 आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला पहलवानों के लिए हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, सोनीपत में किया जाएगा। इन आयु वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 21 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 11 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 5,100-5,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विभिन्न जिलों से आए पहलवानों के मार्च पास्ट ने आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के साथ मुकाबलों में भाग लेने का संकल्प लिया। प्रतियोगिता को लेकर पहलवानों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर उपनिदेशक खेल राम मेहर, कार्यकारी जिला खेल अधिकारी सुखवंत सिंह, मार्केट कमेटी पलवल के प्रधान पंकज विरमानी, एलडी वर्मा, जे.पी. पाठक जयराम प्रजापति, आशा भारद्वाज दीपक जैन, हुकम गौतम शाहिद अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
000
*****
(Release ID: 9761)