azadi ka amrit mahotsav

हरियाणा बाल कल्याण परिषद बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए वचनबद्ध : मीणा कंबोज

- हरियाणवी लोकगीतों पर बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन

- जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

- बच्चों की प्रतिभा निखारने में बाल कल्याण परिषद की भूमिका सराहनीय : एडीसी उत्सव आनंद

- 23 अक्टूबर को होगा तीन दिवसीय जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह का समापन

Posted On: 22 Oct 2026 7:11PM

पलवल, 22 अक्टूबर। हरियाणा बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव मीणा कंबोज ने कहा कि हरियाणा बाल कल्याण परिषद बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए वचनबद्ध है। परिषद बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने भविष्य को संवारने के लिए सही मार्ग का चयन करना चाहिए और अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं का सदुपयोग करना चाहिए।

वे बृहस्पतिवार को पलवल की ब्राह्मण धर्मशाला में उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मीणा कंबोज और उत्सव आनंद ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित करके किया।

बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं, उन्हें निखारने की जरूरत : उत्सव आनंद
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उनकी प्रतिभा को पहचानने, उसे निखारने और उचित अवसर प्रदान करने की है। उन्होंने कहा कि जिला बाल कल्याण परिषद बच्चों की प्रतिभाओं को सामने लाने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रही है।
उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने बच्चों को ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

हरियाणवी लोकगीतों पर बच्चों ने बांधा समां
समारोह के दौरान बच्चों ने हरियाणवी लोकगीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मकता का परिचय दिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से समारोह स्थल हरियाणवी संस्कृति के रंगों से सराबोर हो गया। उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में पहुंचने पर हरियाणा बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव मीणा कंबोज, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद तथा मंडल अधिकारी कुशमेंदर यादव का जिला बाल कल्याण अधिकारी पिंकी मोर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर, पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिह्न प्रदान करके स्वागत किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
जिला बाल कल्याण अधिकारी पिंकी मोर ने बताया कि जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बच्चों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना तथा उन्हें अपनी कला और कौशल प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना है।

समारोह के दूसरे दिन तात्कालिक चित्रांकन, समूह नृत्य, वक्तव्य प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, एकांकी, नाटक एवं रंगमंच, हिंदी और अंग्रेजी सुलेख तथा भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. संपत सिंह ने किया।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डा. मोनिका, सुनीता कुमारी, सुमित कुमार और श्वेता शर्मा शामिल रहे।

इस अवसर पर बाल कल्याण परिषद के आजीवन सदस्य भगत सिंह तेवतिया, रामेश्वर रावत, सुरजीत, डा. महेश, मनोज, कृष्णा, मीनाक्षी, उर्वशी, हेमलता, पूनम सहित अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
000

 

*****

 


(Release ID: 9764)