आमजन त्योहारी सीजन में मिलावटी मिठाइयों व नकली खाद्य पदार्थों से रहें सावधान : उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर
- भरोसेमंद दुकानों से ही खरीदें मिठाइयां, चॉकलेट व ड्राई फ्रूट्स
मिलावटखोरों पर जिला प्रशासन की पैनी नजर, शिकायत मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
Posted On:
22 Oct 2026 4:44PM
पलवल, 22 अक्टूबर।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने त्योहारी सीजन के मद्देनजर आमजन से मिलावटी एवं नकली खाद्य पदार्थों, विशेषकर मिठाइयों, चॉकलेट और ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी करते समय सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में लोगों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच-परख करने के बाद ही खरीदारी करनी चाहिए।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि जिला प्रशासन मिलावटखोरी पर नजर रखे हुए है। यदि जिला में मिलावटी या नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री से संबंधित कोई शिकायत मिलती है, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे मिलावटखोरी के प्रति जागरूक रहें और संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी प्रशासन को दें।
मिठाइयों के साथ चॉकलेट और ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी में भी बरतें सावधानी
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि दिवाली सहित अन्य त्योहारों के दौरान मिठाइयों, चॉकलेट और ड्राई फ्रूट्स की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ असामाजिक तत्व नकली चॉकलेट और घटिया गुणवत्ता वाले सूखे मेवे बेचकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर सकते हैं। सूखे मेवों को ताजा दिखाने और चमकदार बनाने के लिए हानिकारक रसायनों या रंगों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका रहती है। इसलिए उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकिंग और उनकी स्थिति पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मिलावटी मिठाइयों एवं दूषित खाद्य सामग्री के सेवन से पेट दर्द, फूड पॉइजनिंग और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की खरीदारी में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
भरोसेमंद दुकानों से खरीदें खाद्य सामग्री
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने आमजन से अपील की कि वे मिठाइयां, चॉकलेट और ड्राई फ्रूट्स खरीदते समय विश्वसनीय दुकानों को प्राथमिकता दें। केवल कम कीमत के लालच में खाद्य सामग्री न खरीदें। पैक्ड चॉकलेट एवं अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेट की सील, निर्माण एवं समाप्ति तिथि तथा अन्य आवश्यक विवरणों की जांच अवश्य करें। इसी प्रकार ड्राई फ्रूट्स की गुणवत्ता, ताजगी और पैकिंग पर भी ध्यान दें। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह होने पर उनका सेवन करने से बचें। त्योहारों की खुशियां बनाए रखने के लिए जरूरी है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही खरीदे।
000
*****
(Release ID: 9767)