azadi ka amrit mahotsav

समाधान शिविर में उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं

-अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश

Posted On: 22 Oct 2026 4:39PM

पलवल, 22 अक्टूबर। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बृहस्पतिवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निपटान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल नागरिकों की समस्याएं सुनना ही नहीं, बल्कि उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना भी है।

सरकार की पहल से नागरिकों को मिल रहा समस्याओं के समाधान का सुलभ मंच
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा संचालित समाधान शिविर आम नागरिकों की शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निवारण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना तथा एक ही स्थान पर उनकी शिकायतों का निपटान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके जरिए प्रशासन और आमजन के बीच संवाद बेहतर हो रहा है तथा नागरिकों को अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखने के लिए सरल एवं सुलभ मंच उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए और समाधान में अनावश्यक देरी न होने दी जाए।

बिजली बिल, फैमिली आईडी, पेंशन और प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं
समाधान शिविर में बिजली बिलों में संबंधित समस्याओं, फैमिली आईडी में जन्म तिथि एवं आय से जुड़ी त्रुटियों, विधवा पेंशन तथा प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने इन शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए पात्र नागरिकों को नियमानुसार राहत प्रदान करने और समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगराधीश प्रीति रावत, डीएसपी हथीन रतनदीप सिंह बाली, तहसीलदार दिनेश, हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक जितेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
000

 

*****

 


(Release ID: 9769)