azadi ka amrit mahotsav

राजकीय महाविद्यालय पलवल में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

-दी पावर ऑफ वन वोट एक वोट की शक्ति विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

Posted On: 22 Oct 2026 4:37PM

पलवल, 22 अक्टूबर। प्राचार्य अनिल चौहान के दिशा-निर्देशानुसार राजकीय महाविद्यालय पलवल में राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता अधिकारों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक वोट की भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत दी पावर ऑफ वन वोट - एक वोट की शक्ति विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचारों के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदान की भूमिका को रेखांकित किया।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए डॉ. संजीव कुमार, शेर सिंह व शुभम कुमार ने निर्णायक मंडल के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मूल्यांकन के उपरांत घोषित परिणामों में पदमा ने प्रथम, तनिशा ने द्वितीय तथा तनिशा तंवर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेता प्रतिभागी आगामी जिला स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्रवक्ता राजू ने विद्यार्थियों को मतदान व्यवहार, मतदाता के अधिकारों एवं लोकतंत्र में एक-एक वोट के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी को समझने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य अनिल चौहान ने निर्णायक मंडल के सदस्यों और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने तथा मतदान से जुड़े अधिकारों एवं कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस प्रकार कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में मतदाता जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
000

 

*****

 


(Release ID: 9770)