azadi ka amrit mahotsav

बाल महोत्सव का हुआ रंगारंग आगाज

उपायुक्त ने किया शुभारंभ, स्कूली बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

24 अक्टूबर तक महोत्सव में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

Posted On: 23 Oct 2026 9:45AM
नवनिर्मित बाल भवन परिसर के सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय बाल महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। इस दौरान स्कूली बच्चों ने विभिन्न विद्याओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उपायुक्त एवं बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष मनदीप कौर ने महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने बच्चों के द्वारा बनाई गई कलाचित्रों व पोस्टर मेकिंग, कार्ड मेकिंग आदि का निरीक्षण किया। बच्चों के कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि आज के बच्चे देश का भविष्य है जो इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी कल्पना को साकार करेंगे। बच्चे किसी भी राष्ट्र की सबसे अमूल्य धरोहर और भविष्य की नींव होते हैं। शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बच्चों के समग्र विकास के लिए कला, खेल और नैतिक मूल्यों का होना भी उतना ही आवश्यक है। बाल महोत्सव जैसे मंच बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने का कार्य करते हैं। हमारा कर्तव्य है कि हम हर बच्चे को सुरक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करें।
उपायुक्त ने बच्चों से लगन, ईमानदारी और अनुशासित रहकर अपने सपनों को पूरा करने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों को एक सकारात्मक वातावरण दें, जिससे वे देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
जिला बाल कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आज बाल महोत्सव शुभारंभ हुआ है और इस दौरान स्केच ऑन द स्पॉट, पोस्टर मेकिंग, थाली कलश सजावत, कार्ड मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, रंगोली, दीया सजावट आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग विभिन्न स्कूलों के 300 से भी अधिक बच्चों ने भाग लिया। बाज महोत्सव के तहत आगामी 24 अक्टूबर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान मंडल बाल कल्याण अधिकारी अनिल मलिक, डीपीओ महिला एवं बाल विकास विभाग सुशीला व डीईओ धर्मेन्द्र सिंह सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के अध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

*****

 


(Release ID: 9788)