Haryana Electricity Regulatory Commission
azadi ka amrit mahotsav

डीसी के निर्देश पर एसडीएम महेश कुमार ने बिजली घर पहुंचकर चालू करवाया सामान्य अस्पताल फीडर

- जिलाधीश साहिल गुप्ता ने बिजली कर्मियों की हड़ताल के मद्देनजर नियुक्त किए बिजली घरों व सब स्टेशनों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट

Posted On: 23 Oct 2026 10:27AM

डीसी के निर्देश पर एसडीएम महेश कुमार ने बिजली घर पहुंचकर चालू करवाया सामान्य अस्पताल फीडर
- जिलाधीश साहिल गुप्ता ने बिजली कर्मियों की हड़ताल के मद्देनजर नियुक्त किए बिजली घरों व सब  स्टेशनों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट
भिवानी, 22 अक्टूबर। बिजली कर्मचारियों द्वारा 24 अक्टूबर तक घोषित हड़ताल के चलते डीसी एवं जिलाधीश साहिल गुप्ता ने बिजली घरों व सब स्टेशनों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ चौ. बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल, जलघर और जिला कारागार आदि परिसरों में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। गुरुवार को हड़ताल के दौरान डीसी के निर्देश पर एसडीएम महेश कुमार बीटीएम रोड़ स्थित 132 केवी बिजली घर पहुंचे और सामान्य अस्पताल फीडर को चालू करवाया ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। वहीं दूसरी ओर जिलाधीश श्री गुप्ता ने बिजली घरों- सब स्टेशनों पर कानून-एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। जिलाधीश ने ये आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 16(1) व 17(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए हैं।
उल्लेखनीय है कि जिला गुरुग्राम और नूंह में 25 सालों के लिए पावर सप्लाई इलेवन पावर इंन्फ्रास्ट्रेक्चर कंपनी को दिए जाने के विरोध स्वरूप प्रदेश में बिजली कर्मचारियों ने 22 से 24 अक्टूबर तक हड़ताल का ऐलान किया। हड़ताल के दौरान शहर में बिजली आपूर्ति प्रभावित होना स्वाभाविक है। ऐसे में जिलाधीश जिलाधीश साहिल गुप्ता ने 21 अक्टूबर देर शाम ही शहर में सामान्य अस्पताल, जलघर और कारागार में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से करवाने के लिए ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किए। जिलाधीश के आदेशों के चलते गुरुवार को एसडीएम महेश कुमार 132 केवी बिजली घर पहुंचे और उन्होंने सामान्य अस्पताल में बिजली आपूर्ति शुरु करवाई। कार्यकारी अभियंता सतबीर यादव ने बताया कि जरूरी सेवाओं में शामिल पेयजल के लिए जलघर का फीडर भी शुरु करवाया वहीं जिला कारागार की भी बिजली आपूर्ति शुरु की गई।
जिलाधीश श्री गुप्ता द्वारा जारी आदेशानुसार 220 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल भिवानी, 132 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल भिवानी तथा 132 केवी सब-स्टेशन आई.ए. एचवीपीएनएल भिवानी पर तहसीलदार जयबीर सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। 33 केवी सब-स्टेशन चांग व 33 केवी सब-स्टेशन आई/एरिया भिवानी पर बीडीपीओ नवीन कुमार, 132 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल हालुवास, 33 केवी सब-स्टेशन बीटीएम हांसी रोड पर नायब तहसीलदार गौरव राजोरा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार से 220 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल सांगवान, 220 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल ईशरवाल, 132 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल मिरान, 132 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल खानक तथा 33 केवी सब-स्टेशन तोशाम तथा 132 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल तोशाम पर नायब तहसीलदार तोशाम अशोक कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
आदेशानुसार 132 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल लोहारू तथा 33 केवी सब-स्टेशन लोहारू पर तहसीलदार लोहारू प्रियंका को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। 132 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल ढिगावा जाटान पर नायब तहसीलदार लोहारू अंकित की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि 132 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल बहल पर नायब तहसीलदार बहल सुरजीत को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार से 132 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल कैरू तथा 132 केवी सब-स्टेशन एचवीपीएनएल जुई, 33 केवी सब-स्टेशन जुई पर बीडीपीओ कैरू अमित तकसक की ड्यूटी रहेगी। 33 केवी सब-स्टेशन हुडा भिवानी पर नायब तहसीलदार गौरव राजोरा, 33 केवी सब-स्टेशन बामला, 33 केवी सब-स्टेशन बापोड़ा पर बीडीपीओ भिवानी नवीन कुमार,  33 केवी सब-स्टेशन बवानी खेड़ा पर नायब तहसीलदार बवानी खेड़ा सुरेश कुमार तथा 33 केवी सब-स्टेशन सिवानी पर बीडीपीओ सिवानी मोहित श्योराण को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
बॉक्स
जिलाधीश ने पुलिस अधिकारियों के साथ ड्यूटी मेजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए हैं। जिलाधीश ने अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा न्यायालय के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेशानुसार भिवानी के डीएसपी महेश कुमार के साथ जिला परिषद के कार्यकारी अभियंता विजय कुमार को, डीएसपी अनूप कुमार के साथ एनएच के कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार मित्तल को, लोहारू के डीएसपी संजीव गौड के साथ लोहारू जल सेवाएं मंडल के कार्यकारी अभियंता राकेश कुमार को, तोशाम के डीएसपी दलीप सिंह के साथ पंचायती राज भिवानी के कार्यकारी अभियंता संभव जैन को, सिवानी के डीएसपी सुरेंद्र सिंह के साथ जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सिवानी के कार्यकारी अभियंता कपिल देव को लगाया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखें और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि प्रस्तावित हड़ताल के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।

 

*****

 


(Release ID: 9789)