Energy
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर लघु सचिवालय में हेल्पलाइन स्थापित
हड़ताल की अवधि के दौरान 24 घंटे सुचारू रूप से कार्य करेगी हेल्पलाइन
Posted On:
23 Oct 2026 11:46AM
करनाल, 23 अक्तूबर। बिजली विभाग के कर्मचारियों की 24 अक्तूबर तक प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर जिला प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा के लिए लघु सचिवालय में हेल्पलाइन नंबर स्थापित किए हैं। जिले के किसी भी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने या बिजली से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या आने पर नागरिक हेल्पलाइन नंबर 01842-267271 और 0184-2233134 पर संपर्क कर सकते हैं।
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, ताकि हड़ताल के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि स्थापित हेल्पलाइन नंबर हड़ताल की अवधि के दौरान 24 घंटे सुचारू रूप से कार्य करेंगे। नागरिक बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा आने पर इन नंबरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं, ताकि संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
*****
(Release ID: 9790)