मेगा विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन 28 अक्टूबर को : मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी हरीश गोयल
- एक ही छत के नीचे मिलेगी सरकारी योजनाओं और कानूनी सहायता की जानकारी
- लाभार्थियों को मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान कर किया जाएगा लाभान्वित
Posted On:
23 Oct 2026 2:12PM
पलवल, 23 अक्टूबर।
आमजन को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पलवल की ओर से बुधवार 28 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे पंचायत भवन, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के निकट, कैंप कॉलोनी, पलवल में मेगा विधिक सेवा-सह-जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधि एक ही स्थान पर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देंगे। साथ ही, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पलवल के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) हरीश गोयल ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शिविर के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा नि:शुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही, पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता भी प्रदान की जाएगी।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी हरीश गोयल ने बताया कि शिविर में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, शिक्षा विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बैंकिंग क्षेत्र, समाज कल्याण विभाग, बाल संरक्षण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, मत्स्य पालन विभाग, बागवानी विभाग, अग्निशमन विभाग, रोजगार विभाग, आयुष विभाग, श्रम कल्याण विभाग, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन), खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), साइबर अपराध प्रकोष्ठ, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) तथा वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी हरीश गोयल ने बताया कि इसके अतिरिक्त विभिन्न शैक्षणिक संस्थाएं, सामाजिक संस्थाएं और एनजीओ भी शिविर के आयोजन में सहयोग करेंगे। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद और पात्र व्यक्तियों को उनके अधिकारों, उपलब्ध सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता प्रदान करना है। इस पहल से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
000
*****
(Release ID: 9799)