azadi ka amrit mahotsav

समाधान शिविर के माध्यम से 19 साल पुराने राजस्व मामले का 10 दिन के भीतर हुआ निपटारा

- प्रार्थी धर्मेंद्र मंगला ने जताया उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर और जिला प्रशासन का आभार

- समाधान शिविर बन रहे आमजन के लिए राहत का माध्यम, वर्षों से लंबित राजस्व मामले हुआ समाधान

Posted On: 23 Oct 2026 2:10PM

पलवल, 23 अक्टूबर। हरियाणा सरकार के आदेशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर लोगों के लिए राहत का माध्यम बन रहे हैं। इसी कड़ी में जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में तहसील पलवल से संबंधित प्रार्थी धर्मेंद्र मंगला के 19 साल पुराने राजस्व मामले का समाधान शिविर में दरखास्त देने के महज 10 दिनों के भीतर निपटारा कर दिया गया। लंबे समय से लंबित अपने राजस्व कार्य के पूरा होने पर प्रार्थी ने उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर और जिला प्रशासन पलवल का आभार व्यक्त किया।

प्रार्थी धर्मेंद्र मंगला ने बताया कि उनका इंतकाल से संबंधित राजस्व कार्य 2007 यानि पिछले 19 वर्षों से लंबित था, जिस कारण उन्हें लंबे समय तक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने समाधान शिविर में अपनी समस्या को लेकर लिखित दरखास्त दी। इसके बाद संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले पर कार्रवाई करते हुए मात्र 10 दिनों के भीतर उनके राजस्व कार्य का निपटारा कर इंतकाल दर्ज करवा दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि 19 साल से लंबित उनकी शिकायत का इतनी जल्दी समाधान हो जाएगा। पलवल में आयोजित समाधान शिविर में शिकायत देने के तुरंत बाद अधिकारियों ने उनकी समस्या को गंभीरता से लिया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका समाधान कराया। उन्होंने इस त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन का धन्यवाद किया।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि समाधान शिविर आम नागरिकों की समस्याओं को जिला प्रशासन तक पहुंचाने और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं। ऐसे शिविरों से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है। समाधान शिविर में 19 साल पुराने राजस्व मामले का महज 10 दिनों में निपटारा होना जिला प्रशासन की तत्परता और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
000

 

*****

 


(Release ID: 9801)