हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल के दूसरे दिन पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच
- 23 जिलों के 792 पहलवान ले रहे हैं प्रतियोगिता में भाग
- हरियाणा केसरी विजेता को मिलेंगे 1.51 लाख रुपये
- हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल-2026 का समापन शनिवार 24 अक्टूबर को
Posted On:
23 Oct 2026 3:43PM
पलवल, 23 अक्टूबर। हरियाणा खेल एवं युवा मामले विभाग की ओर से पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में आयोजित हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल-2026 के दूसरे दिन विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया और एक-दूसरे के खिलाफ दांव-पेंच आजमाए। पहलवानों ने खेल भावना, अनुशासन और एकता का संदेश देते हुए प्रतियोगिता में भाग लिया। हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल-2026 का समापन शनिवार 24 अक्टूबर को होगा। समापन समारोह में हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
कार्यकारी जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर दूसरे दिन के मुकाबलों का शुभारंभ करवाया। 24 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में सीनियर आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला पहलवान हरियाणा केसरी, हरियाणा कुमार और हरियाणा कुमारी के खिताबों के लिए मुकाबले कर रहे हैं। प्रतियोगिता में प्रदेश के 23 जिलों से कुल 792 पहलवान भाग ले रहे हैं।
हरियाणा केसरी विजेता को मिलेंगे 1.51 लाख रुपये
कार्यकारी जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में हरियाणा केसरी, हरियाणा कुमार और हरियाणा कुमारी खिताबों के लिए मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। हरियाणा केसरी के पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को 1 लाख 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को 51 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार, हरियाणा कुमार एवं हरियाणा कुमारी वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 51 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
सोनीपत में 30 अक्टूबर से होगा अंडर-17 और अंडर-20 दंगल
कार्यकारी जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह ने बताया कि अंडर-17 एवं अंडर-20 आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला पहलवानों के लिए हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक स्पोट्र्स यूनिवर्सिटी, सोनीपत में किया जाएगा। इन आयु वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को 21 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 11 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को 5,100-5,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
000
*****
(Release ID: 9804)