कैथल, 23 अक्टूबर। डीसी अपराजिता ने कहा कि बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर जिले में पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट पैदा न हो इसको लेकर जनरेटर सेट लगाकर ट्यूबवेल व जल आपूर्ति बूस्टर संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने ने बताया कि शहर में जनरेटर सेट के माध्यम से चार बूस्टर स्टेशन सुचारू रूप से संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 125 केवीए क्षमता के 4 और जनरेटर सेट की व्यवस्था की गई है। अन्य बूस्टरों को चालू करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बावजूद शहरवासियों को पेयजल उपलब्ध करवाया जा सके। जिन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति चालू है वहां पेयजल को लेकर समस्या नहीं है।
डीसी ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को पेयजल की समस्या न हो। इसी प्रकार से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बीडीपीओ) को सख्त निर्देश दिए हैं कि आवश्यकता के अनुसार ट्यूबवेल चलाने के लिए जनरेटर सेट की व्यवस्था की जाए। किसी भी गांव में पेयजल की समस्या नहीं आना चाहिए।
डीसी ने कहा कि बिजली आपूर्ति के साथ साथ आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और बीडीपीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।
डीडीपीओ रितु लाठर ने बताया कि उपायुक्त महोदया के आदेशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए जनरेटर सेट उपलब्ध करवा दिए गए हैं। गांव कुतुबपुर, फरियाबाद, किठाना, फतेहपुर, पट्टी खोत, मंडवाल सहित विभिन्न गांवों में जनरेटर सेट लगाकर पेयजल आपूर्ति दी गई है। बीडीपीओ इस कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
*****