azadi ka amrit mahotsav

बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में कर रहा काम

बिजली बाधित होने पर डायल 1912 व 112 पर दें सूचना, आपूर्ति बहाल करवाने के लिए प्रशासन करेगा पुरजोर प्रयास

जिले में 108 में से 78 पावर स्टेशन चालू : डीसी अपराजिता

Posted On: 23 Oct 2026 3:59PM

कैथल, 23 अक्टूबर। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच जिले में बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन डीसी अपराजिता के नेतृत्व में पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में कुल 108 पावर स्टेशनों में से 78 चालू हैं। बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है और जहां भी तकनीकी खराबी की सूचना मिलती है, उसे दूर करवाकर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

          डीसी अपराजिता ने आमजन से अपील की कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर डायल 1912 अथवा 112 पर सूचना दें, ताकि संबंधित क्षेत्र में समस्या का जल्द समाधान करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही बिजली आपूर्ति बहाल करवाने के लिए पुरजोर प्रयास किया जाएगा।

          उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्थिति पर लगातार निगरानी रखें। जिस भी क्षेत्र से बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिले, वहां वैकल्पिक स्टाफ को तुरंत भेजकर तकनीकी खराबी दूर करवाई जाए और आपूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को बिजली संबंधी परेशानी से राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

          डीसी ने नागरिकों से यह भी अपील की कि जिन क्षेत्रों में फिलहाल बिजली आपूर्ति सुचारू है, वहां लोग अपनी जरूरत के अनुसार पानी का भंडारण कर लें। इसके साथ ही इनवर्टर आदि की व्यवस्था दुरुस्त रखें और समय पर चार्ज कर लें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाए रखने तथा आमजन को राहत प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।

 

 

बिजली आपूर्ति बहाली पर जताया आभार

 

कैथल। डीसी अपराजिता की अगुवाई में बिजली आपूर्ति बहाली के लिए किए जा रहे प्रयासों के सार्थक नतीजे भी सामने आ रहे हैं। कैथल के कर्ण विहार कालोनी निवासी चमेली देवी ने कहा कि उनके क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। जो अब ठीक हो गई है। इसी प्रकार से शेरगढ़ रोड निवासी कर्ण खुराना ने कहा कि उनके यहां रात से बिजली आपूर्ति बाधित थी। सुबह बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है। जिसके लिए वे जिला प्रशासन व विद्युत निगम के आभारी हैं। पटेल नगर निवासी मोहित बंसल ने भी कहा कि उनके यहां भी बिजली कट लगा था। अब बिजली आपूर्ती चालू है। इसके लिए वे प्रशासन के आभारी हैं।

 

*****

 


(Release ID: 9808)