बाजरा खरीद में मंडी अधिकारी किसानों की सुविधाओं का रखें ख्याल- चेयरमैन वेदपाल
आढ़तियों ने चेयरमैन के समक्ष बड़ी सीवरेज लाइन बिछाने की रखी मांग
Posted On:
23 Oct 2026 4:26PM
रेवाड़ी, 23 अक्टूबर।
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल ने शुक्रवार को रेवाड़ी अनाज मंडी का निरीक्षण कर खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि किसानों को बाजरा बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। मंडी में किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।
चेयरमैन वेदपाल ने रेवाड़ी अनाज मंडी में चल रही बाजरा खरीद का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि किसान मंडी में फसल को साफ करके तथा सूखा कर ही लाएं, जिससे कि उनको बिकवाली में किसी प्रकार की परेशानी ना हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों की सहूलियत के लिए विपणन अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हुए हैं। हरियाणा में मौजूदा सरकार ने ही अभी तक बाजरा के दामों में आशानुरुप बढ़ोतरी की है। जिससे प्रदेश के बाजरा उत्पादक हजारों किसानों को एमएसपी की बढ़ी हुई दरों व भावांतर भरपाई योजना का लाभ मिला है। मंडी में पहुंचने पर मार्केट कमेटी के प्रधान अनिल सैनी, पीपीपी के स्टेट को-आर्डिनेटर डा. सतीश खोला और आढ़तियों ने चेयरमैन वेदपाल का स्वागत किया।
चेयरमैन वेदपाल ने इस अवसर पर किसानों और आढ़तियों से भी बातचीत की। आढ़ती राधेश्याम मित्तल, नवल गुप्ता, अशोक यादव, प्रेम कुमार आदि ने बताया कि रेवाड़ी अनाज मंडी में दूषित पानी की निकासी के लिए बड़ी सीवरेज लाइन डलवाई जाए। इसके अलावा मंडी में एक टीन शेड व इंटरनल रोड की आवश्यकता है। चेयरमैन वेदपाल ने इन मांगों पर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र यादव ने चेयरमैन को बताया कि बाजरा की खरीद का कार्य सुचारु रुप से चल रहा है। अभी तक 4 लाख 51 हजार 852 क्विंटल बाजरा की आवक मंडी में हो चुकी है। इसमें से 14 हजार 298 किसानों का बाजरा खरीदा जा चुका है। इस अवसर पर जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी सत्य प्रकाश यादव, क्षेत्रीय प्रशासक जितेंद्र गांधी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
---------
*****
(Release ID: 9813)