Tourism
सूरजकुंड दिवाली मेला शुरू, कला और संस्कृति से रूबरू होने का सुनहरा अवसर- डीसी
Posted On:
23 Oct 2026 4:27PM
रेवाड़ी, 23 अक्टूबर।
हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा दिवाली से पहले खरीदारी, हस्तशिल्प और देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं का अनुभव करने के लिए सूरजकुंड में आज से चार दिवसीय दिवाली मेला शुरू हो गया है, जो आगामी 26 अक्टूबर तक फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है।
डीसी ने अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि मेला परिसर को रंगीन रोशनी और दीयों की कलाकृतियों से सजाया गया है, ताकि यहां पहुंचने वाले लोगों को दीपावली जैसा माहौल महसूस हो। यह मेला लोगों को देश और प्रदेश की विविध कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और परंपराओं से रूबरू कराने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है। मेले में लगभग 300 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें हस्तशिल्प, गृह सजावट सामग्री, पारंपरिक परिधान, आभूषण, दीपावली की खरीदारी के लिए विशेष आइटम तथा विभिन्न राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि सूरजकुंड दिवाली मेला में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
पारंपरिक व्यंजनों का भी ले सकेंगे स्वाद
मेले में अलग-अलग राज्यों की पारंपरिक और आधुनिक वस्तुओं को एक मंच पर उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। घरों को सजाने के लिए सजावटी सामान, दीपावली के दीये, मोमबत्तियां, पौधे और कपड़ों की खरीदारी की जा सकेगी। इसके अलावा पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने का अवसर भी मिलेगा। मेला परिसर की दीवारों पर दीयों की आकृतियां उकेरी गई हैं और जगह-जगह रंगीन लाइट लगाई गई हैं।
--------------
*****
(Release ID: 9815)