नशामुक्त हरियाणा अभियान के तहत वर्कशाप का आयोजन
घरौंडा में आयोजित वर्कशॉप में बच्चों को नशे से बचाने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने पर हुआ मंथन
Posted On:
23 Oct 2026 4:20PM
करनाल, 23 अक्तूबर। हरियाणा को नशा मुक्त बनाने और बच्चों को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को घरौंडा में एक विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत एवं विकास विभाग तथा सीएमओ, जिला नागरिक अस्पताल के सहयोग से आयोजित इस वर्कशॉप में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सरपंचों ने भाग लिया। बैठक में नशे की रोकथाम, नशा बेचने वालों पर अंकुश लगाने और नशा पीड़ितों को उपचार एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया।
वर्कशॉप की अध्यक्षता सिविल जज जूनियर डिवीजन, घरौंडा कार्तिक शर्मा ने की। इस अवसर पर एसडीएम अनुभव मेहता, सिविल अस्पताल से डॉ. मुनीष गोयल, पंचायत विभाग से गौरव सरदाना, नारकोटिक्स विभाग से विजय कुमार और शिक्षा विभाग से वीना पाटिल मौजूद रहीं। काउंसलर हर्ष वत्स ने सिविल अस्पताल की ओर से नशा पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी और उपचार संबंधी सेवाओं के बारे में बताया।
सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मीनाक्षी यादव ने कहा कि वर्कशॉप का मुख्य उद्देश्य नशामुक्ति के लिए प्रयासरत सरपंचों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन, पंचायतों, पुलिस, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।
बैठक में बच्चों और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए इसकी रोकथाम तथा नशीले पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने सरपंचों को संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध करवाए, ताकि नशे से जुड़े मामलों की सूचना समय पर दी जा सके और जरूरतमंदों को उचित सहायता मिल सके।
संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि हरियाणा को नशामुक्त बनाने के अभियान में वे पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम करेंगे और हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे। वर्कशॉप में सब-डिवीजनल लीगल सर्विसेज कमेटी, घरौंडा के पैनल अधिवक्ता राजेश राणा और सुभाष रावल भी उपस्थित रहे।
*****
(Release ID: 9819)