Higher Education
आईटीआई सोनीपत में आयोजित हुआ स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
स्वच्छता, स्वस्थ जीवन और स्वच्छ समाज का आधार - प्रिंसिपल विक्रम सिंह
Posted On:
23 Oct 2026 4:32PM
सोनीपत, 23 अक्टूबर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सोनीपत में शुक्रवार को स्वच्छ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन वर्ग अनुदेशक सुभाष चन्द्र के निर्देशन में किया गया। इसमें संस्थान के अनुदेशकों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स तथा सफाई कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से भाग लेते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें अपने संस्थान और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करना रहा।
अभियान के दौरान संस्थान की एवीटीएस बिल्डिंग, पार्किंग क्षेत्र, मशीनिष्ट वर्कशॉप के चारों ओर तथा प्रार्थना सभा वाले पार्क से वीईआई बिल्डिंग, इसके अतिरिक्त कक्षाओं, पार्किंग स्थल एवं अन्य निर्धारित स्थानों की सफाई कर संस्थान परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया।
संस्थान के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन और स्वच्छ समाज का आधार है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे संस्थान के साथ-साथ अपने घर, गांव और शहर में भी स्वच्छता बनाए रखें तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल एक दिन के अभियान तक सीमित न रखकर इसे अपनी नियमित आदत बनाना आवश्यक है। अप्रेंटिस एवं प्लेसमेंट अधिकारी रविदत्त तथा उप-प्रधानाचार्य विनय कुमार गौतम ने विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अनुदेशक संजय श्योराण, सुरेश कुमार, सुरेन्द्र कुमार, सुभाष चन्द्र, सुनील मलिक एवं दीपक, अनुदेशक जगबीर राणा एवं प्रदीप, ईएस अनुदेशक अक्षय, लवकेश सहायक सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
*****
(Release ID: 9820)