Elections
*मतदाता सूची पुनरीक्षण में रखी जा रही पूर्ण पारदर्शिता : जिला निर्वाचन अधिकारी*
*6 नवंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची*
*डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ की एसआईआर के कार्यों की समीक्षा*
*28 अक्टूबर तक पूरी होगी शेष नोटिस की सुनवाई*
Posted On:
23 Oct 2026 4:45PM
*झज्जर, 23 अक्टूबर*
जिला झज्जर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का कार्य पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे। इसी दिशा में सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्य कर रहे हैं।
शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा ए. श्रीनिवास ने प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसआईआर अभियान की समीक्षा की। इस दौरान झज्जर जिला में अब तक हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को जिले में एसआईआर के तहत चल रही गतिविधियों और कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए और पुनरीक्षण से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
डीसी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत जारी किए गए नोटिस पर सुनवाई का कार्य जारी है। शेष नोटिस की सुनवाई 28 अक्टूबर तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित मतदाताओं तक नोटिस पहुंचाने और सुनवाई की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा प्रत्येक मामले का नियमानुसार निपटारा किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का भी नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने, फॉर्म-7 के माध्यम से नाम हटाने संबंधी दावे तथा फॉर्म-8 के माध्यम से विवरण में संशोधन सहित अन्य निर्धारित सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर निपटारा सुनिश्चित करें।
मतदाता सूची के संबंध में जानकारी देते हुए डीसी ने बताया कि 31 जुलाई 2026 तक जारी प्रारूप मतदाता सूची में जिले के कुल 6 लाख 68 हजार 832 मतदाता दर्ज हैं। जिले के सभी 807 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों की तैनाती की गई है। इनके कार्यों की निगरानी के लिए सुपरवाइजर भी नियुक्त किए गए हैं, ताकि एसआईआर अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सके और किसी भी समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशानुसार अंतिम मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 नवंबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण से जुड़े शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करें। साथ ही, मतदाताओं से संबंधित प्रत्येक प्रक्रिया में नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अंतिम मतदाता सूची त्रुटिरहित और विश्वसनीय हो।
बैठक में एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, सीटीएम ऋतु, उपतहसीलदार निर्वाचन कुलदीप सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
--------
फोटो कैप्शन: झज्जर में एसआईआर प्रक्रिया की समीक्षा बैठक लेती डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल।
----------
*****
(Release ID: 9822)