*नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगा, युवा शक्ति को दें सकारात्मक दिशा : डीसी*
*डीसी वर्षा खांगवाल ने एनकॉर्ड बैठक में नशा तस्करी से जुड़े मामलों की समीक्षा कर संबंधित विभागों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
*नशे के खिलाफ अभियान में शिक्षा विभाग की अहम भूमिका, विद्यार्थियों को जागरूक करने के दिए निर्देश*
*डीसी ने कहा-नशे के नेटवर्क पर निगरानी के साथ शैक्षणिक संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ाएं जागरूकता*
Posted On:
23 Oct 2026 4:51PM
*झज्जर, 23 अक्टूबर*
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए भी व्यापक अभियान चलाया जाए।
डीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में एनकॉर्ड (नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन) बैठक के दौरान नशा नियंत्रण से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थी। इससे पहले मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एनकॉर्ड की समीक्षा प्रदेश में सभी उपायुक्त से समीक्षा की।
डीसी ने बैठक में कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित सभी संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी विभाग निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप गंभीरता से कार्य करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने निर्देश दिए कि नशा तस्करी से संबंधित गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही, युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूल, कॉलेज और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए।
*आमजन की भागीदारी से नशे पर लगेगी रोक*
डीसी ने कहा कि नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को उपचार और परामर्श की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। आमजन की भागीदारी से नशे के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नशा नियंत्रण से जुड़े प्रयासों की नियमित समीक्षा की जाए और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। जिला प्रशासन नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।
*स्कूल में ई-शपथ और प्रार्थना सभा के माध्यम से जागरूकता*
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में विद्यार्थियों को ई-शपथ भी शिक्षण संस्थान में दिलाई गई है। साथ ही, स्कूल की प्रार्थना सभाओं में नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान और नशे से दूर रहने के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। डीसी ने इन जागरूकता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने पर कहा कि विद्यार्थियों में शुरुआत से ही नशे के प्रति जागरूकता विकसित करना आवश्यक है। स्कूल स्तर पर चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को सही निर्णय लेने और अपने परिवार एवं समाज में भी नशा विरोधी संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
*नशा तस्करी पर निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जरूरी*
डीसी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और सूचना मिलने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखा जाए। साथ ही, नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को उपचार और परामर्श की सुविधाओं से जोड़ने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त झज्जर के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और आमजन की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों और निरंतर जागरूकता से युवाओं को नशे से दूर रखने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में मदद मिलेगी।
*यह रहे मौजूद*
इस अवसर पर डीसीपी फैसल खान, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण मौजूद रहे।
-------
फ़ोटो कैप्शन : झज्जर में एनकॉर्ड की बैठक में सम्बंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश देती डीसी वर्षा खांगवाल।
-------
*****
(Release ID: 9824)