azadi ka amrit mahotsav

एनकोर्ड की समीक्षा बैठक में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के निर्देश

Posted On: 23 Oct 2026 5:03PM
 उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में एनकोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे के अवैध कारोबार की रोकथाम, नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और इस दिशा में नियमित निगरानी बनाए रखें।
उपायुक्त ने कहा कि नशे का अवैध कारोबार युवाओं के भविष्य और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। ऐसे में नशा तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को नशे के कारोबार से जुड़े संभावित क्षेत्रों विशेषकर शिक्षण संस्थानों और खाली पड़े भवनों पर विशेष नजर रखने और सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान डी-एडिक्शन सेंटरों की कार्यप्रणाली, एनडीपीएस मामलों तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नहरों के किनारे व खाली पड़ी जमीनों पर भांग इत्यादि के पौधों को नष्टï कराएं। नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया जाए। जो भी गतिविधियां विभागों द्वारा की जा रही है, उनकी रिपोर्ट तैयार कर उनके कार्यालय में दी जाए। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि समाज की भागीदारी और जागरूकता भी जरूरी है। इसके लिए शिक्षण संस्थानों, गांवों और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए।

उपायुक्त ने ड्रग कंट्रोल विभाग को मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे से संबंधित शिकायतों और सूचनाओं को गंभीरता से लिया जाए तथा विभिन्न विभागों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान बेहतर बनाया जाए।
इस अवसर पर एसीयूटी विवेक यादव, अतिरिक्त निगमायुक्त वेद प्रकाश बेनीवाल, नगराधीश रोहित कुमार, सीएमओ डॉ सपना गहलावत, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी राम रतन, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



 

*****

 


(Release ID: 9825)