azadi ka amrit mahotsav

- नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई करें अधिकारी : अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार

Posted On: 23 Oct 2026 5:26PM

- स्कूलों और कॉलेजों में गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश 
जींद, 23 अक्टूबर। जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की बैठक शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहें । अतिरिक्त उपायुक्त ने जिले में नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
गौरतलब है कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सरकार द्वारा लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन समिति की बैठक में सभी जिलों के उपायुक्तों को नशे की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार ने कहा कि नशे की तस्करी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल से काम करें। नशे से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। 
उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास के क्षेत्र को ड्रग फ्री जोन बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि युवा नशे से दूर रहें और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास किसी भी प्रकार की नशे से जुड़ी गतिविधि को बढ़ावा न मिले।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सभी स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं। भाषण, निबंध, पोस्टर, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए। 
उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी नशा मुक्ति केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण जारी रखा जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि नशे से प्रभावित लोगों को उचित उपचार और जरूरी सुविधाएं समय पर मिलें। केंद्रों में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों के परिसरों में भांग जैसे नशीले पौधे नहीं उगने चाहिए। संबंधित विभाग समय-समय पर निरीक्षण करें और ऐसे पौधे पाए जाने पर उन्हें तुरंत हटवाएं। उन्होंने सभी मेडिकल स्टोर पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा डॉक्टर की पर्ची के बिना दवाइयां न देने के नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए। ऐसी दवाइयों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाए, जिनका नशे के लिए दुरुपयोग हो सकता है।
अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार ने कहा कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आमजन का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें कहीं नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने के लिए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 

*****

 


(Release ID: 9830)