azadi ka amrit mahotsav

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा राजकुमार लोहान ने की पलवल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों की फील्ड विजिट

- विधानसभा क्षेत्र-84 पलवल के बूथ नंबर 35, 41, 79 और 90 का किया निरीक्षण

- विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Posted On: 23 Oct 2026 7:12PM

पलवल, 23 अक्टूबर।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा राजकुमार लोहान ने शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत विधानसभा क्षेत्र-84 पलवल के विभिन्न बूथों का फील्ड विजिट किया। उन्होंने इस दौरान बूथ नंबर 35, 41, 79 और 90 पर पहुंचकर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजकुमार लोहान ने फील्ड विजिट के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रत्येक आवेदन की नियमानुसार जांच करना तथा लंबित प्रपत्रों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, आवेदन प्रक्रिया की गुणवत्ता और दस्तावेजों की शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजकुमार लोहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के दौरान सभी निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए और कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
000

 

*****

 


(Release ID: 9835)