मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रगति की समीक्षा
- मतदाताओं के लंबित आवेदनों का दो दिन के भीतर निस्तारण करने के दिए निर्देश
Posted On:
23 Oct 2026 7:11PM
पलवल, 23 अक्टूबर।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा श्रीनिवास की अध्यक्षता में शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा श्रीनिवास ने बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, लंबित आवेदनों के निस्तारण, फोटो मॉनिटरिंग व्यवस्था तथा आवेदन प्रक्रिया की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पलवल से संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा राजकुमार लोहान, उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, एसडीएम हथीन हरिराम, सीटीएम प्रीति रावत तथा कानूनगो जितेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीनिवास ने सभी जिलों में लंबित प्रपत्रों की संख्या कम करने और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी तथा सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी अपने-अपने स्तर पर लंबित आवेदनों की समीक्षा करें और आगामी दो दिनों के भीतर अधिक से अधिक प्रपत्रों का निस्तारण करने का प्रयास करें। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक आवेदन की जांच भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित नियमों के अनुरूप हो तथा प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए फोटो मॉनिटरिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जा सकें।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा राजकुमार लोहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 से संबंधित सभी कार्यों को गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। लंबित आवेदनों के निस्तारण, फोटो मॉनिटरिंग व्यवस्था तथा अस्वीकृत प्रपत्रों की जांच पर विशेष ध्यान देते हुए मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिला के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के कार्यों की नियमित निगरानी करें और अपने-अपने स्तर पर लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता, शुद्धता और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, फोटो मॉनिटरिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए और अस्वीकृत प्रपत्रों की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई हुई है। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे किए जाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान आवेदन प्रक्रिया की गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच के लिए संबंधित उपमंडल अधिकारियों (एसडीएम) को 100-100 रैंडम आवेदनों की जांच करने के निर्देश दिए। इस जांच के माध्यम से आवेदनों की स्थिति, दस्तावेजों की शुद्धता तथा निर्धारित प्रक्रिया के पालन की समीक्षा की जाएगी। इसके अतिरिक्त, अस्वीकृत (रिजेक्ट) प्रपत्रों की भी गहनता से जांच करने के निर्देश दिए गए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है और अस्वीकृति के मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन हुआ है।
000
*****
(Release ID: 9837)