बच्चों का सर्वांगीण विकास समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद आवश्यक : उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर
- जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ भव्य समापन, बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच
- समापन समारोह में उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर रहे मुख्य अतिथि
Posted On:
23 Oct 2026 7:10PM
पलवल, 23 अक्टूबर।
जिला बाल कल्याण परिषद पलवल की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह का शुक्रवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कला का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि बच्चों में अपार प्रतिभा और क्षमताएं हैं। जरूरत है उनकी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने तथा आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर प्रदान करने की। उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है। इस दिशा में जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक गतिविधियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, ताकि उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास हो सके। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
तीन दिवसीय जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। हरियाणवी लोकगीतों पर बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और समारोह में हरियाणवी संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली।
समारोह के अंतर्गत तात्कालिक चित्रांकन, समूह नृत्य, वक्तव्य प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, एकांकी, नाटक एवं रंगमंच, हिंदी एवं अंग्रेजी सुलेख और भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारना और उन्हें अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए उपयुक्त मंच प्रदान करना रहा।
बाल कल्याण परिषद बच्चों के विकास के लिए कर रही सराहनीय कार्य
जिला बाल कल्याण अधिकारी पिंकी मोर ने कहा कि जिला बाल कल्याण परिषद बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार, सुरजीत, डा. महेश, मनोज, कृष्णा, मीनाक्षी, उर्वशी, हेमलता, पूनम सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
000
*****
(Release ID: 9838)