Agriculture and farmer welfare
किसानों को मंडियों में जरूरी सुविधाएं प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता : श्याम सिंह राणा
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बेरी अनाज मंडी में बाजरा व धान खरीद का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश
Posted On:
24 Oct 2026 3:07PM
बेरी (झज्जर), 24 अक्टूबर।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने शनिवार की सुबह बेरी अनाज मंडी का दौरा कर बाजरा व धान की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने खरीद प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए किसानों और आढ़तियों से बातचीत की। उपमंडल प्रशासन की तरफ से एसडीएम रेणुका नांदल ने कृषि मंत्री का स्वागत करते हुए खरीद प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आ रही है। खरीद प्रक्रिया पारदर्शी, सुचारू और समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए तथा किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने अनाज मंडी परिसर स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने तथा उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडियों में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी फसल की निर्धारित नियमों के अनुसार खरीद सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
खरीद से लेकर भुगतान तक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें अधिकारी
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मंडियों में फसल खरीद के साथ-साथ उठान, भंडारण और भुगतान की व्यवस्था भी सुचारू बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा सभी खरीद एजेंसियां निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करते हुए आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि खरीद व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और मंडियों में फसल का अनावश्यक जमाव न होने दिया जाए। फसल का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि मंडी में आने वाले अन्य किसानों को भी अपनी उपज उतारने और बेचने में सुविधा मिल सके।
बुनियादी सुविधाओं और माजरा खरीद केंद्र पर दिया जोर
कृषि मंत्री ने बेरी अनाज मंडी में बिजली, पेयजल, छाया, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अटल कैंटीन की व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि मंडी में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा माजरा खरीद केंद्र पर भी किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसानों को मंडियों में बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध करवाना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभाग नियमित निगरानी रखें और व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर मार्केट कमेटी बेरी के चेयरमैन राजेंद्र शर्मा, नगरपालिका बेरी के चेयरमैन देवेंद्र कादयान, डीएफएससी आदित्य कौशिक, नायब तहसीलदार मनोज कुमार,मार्केट कमेटी सचिव डॉ. अमनदीप सिंह, वेयरहाउसिंग के डीएम रोहतास दहिया, हैफेड के डीएम कृष्ण श्योराण, एएफएसओ अमरजीत सिंह, एसडीओ विकास गुप्ता,आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान दलबीर सिंह, एआर बिजेंद्र सुहाग, सरिता छोकर, सतीश गोच्छी, जयदीप कादयान और सतीश लाला बेरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, आढ़ती और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
-----------
फोटो कैप्शन:
बेरी स्थित अनाज मंडी में शनिवार को किसानों व आढ़तियों के साथ मंडी का दौरा करते हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा।
बेरी अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर खरीद व्यवस्था की समीक्षा करते कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा।
--------------
*****
(Release ID: 9844)