रोहतक, 24 अक्टूबर। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने शनिवार को रोहतक, सांपला और महम की अनाज मंडियों का दौरा कर धान खरीद कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया से संबंधित समस्याओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों के कल्याण और उनकी फसलों की सुगम एवं पारदर्शी खरीद सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी अनाज मंडियों का निरंतर दौरा कर रहे हैं, ताकि किसानों, आढ़तियों और ट्रांसपोर्टरों को किसी भी स्तर पर परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मंडियों में बारदाने, फसल सत्यापन और गेट पास से संबंधित किसी भी तात्कालिक समस्या का प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। रोहतक और आसपास के क्षेत्रों में धान की खरीद एवं उठान को सुचारू बनाए रखने के लिए राइस मिलों और शैलरों की पर्याप्त व्यवस्था करने के भी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भावांतर भरपाई की राशि जे-फॉर्म कटने के बाद सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद किसानों के हित में खरीद और भुगतान व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। अब फसल उठान के 48 घंटे के भीतर खरीद राशि सीधे किसान के बैंक खाते में हस्तांतरित की जा रही है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने और किसानों को उनकी उपज का भुगतान पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने में मदद मिली है।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंडियों में फसलों पर अनावश्यक कटौती किए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार ही खरीद की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 17 प्रतिशत तक नमी वाली धान की खरीद निर्धारित मानकों के अनुसार की जा रही है। यदि फसल में नमी निर्धारित सीमा से अधिक होती है, तो उसे सुखाने के बाद नियमानुसार खरीदने की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है और खरीद प्रक्रिया में किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
श्यात सिंह राणा ने आगामी रबी सीजन में गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों की बुआई को ध्यान में रखते हुए डीएपी और यूरिया खाद की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला में उप-कृषि निदेशक (डीडीए) के माध्यम से खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल के माध्यम से वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया गया है। इससे वास्तविक खेती करने वाले किसानों तक खाद, मुआवजे और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायता मिल रही है। सरकार खाद की कालाबाजारी और दुरुपयोग को रोकने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। किसान हित में पक्ष हो या विपक्ष, सभी के सकारात्मक सुझावों और मांगों पर संज्ञान लेकर खरीद व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने और उसका भुगतान प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान पूर्व सांसद एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता रामचंद्र जांगड़ा, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, सांपला मंडी में एसडीएम अंकिता पुवार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन कुमार शर्मा, रोहतक मंडी के सचिव दीपक लोहचब, सांपला मंडी की सचिव सविता सैनी, महम मंडी के सचिव दीपक कुमार, भाजपा नेता महंत सतीश दास, पूर्व भाजपा प्रत्याशी अजीत अहलावत, मार्केट कमेटी महम के चेयरमैन कप्तान ईश्वर शर्मा, उप चेयरमैन लीलू बेडवा, सत्यप्रकाश बिसला, नगर पालिका के उप चेयरमैन बसंत लाल गिरधर, जोगिंदर गिरोत्रा, सतपाल सड़ाना, मीना वाल्मीकि, मंडल अध्यक्ष राकेश भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष अमित चैहान, मुकेश खत्री, कविता खरखडा, सतबीर राठी, वेद धवन, शमशेर सिंह, नरेश बड़ा भैंन, रणधीर बड़ाली आदि उपस्थित रहे।
*****