azadi ka amrit mahotsav

*जिला में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां हुईं तेज : उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर*

*- फरवरी 2027 से शुरू होगा मकान-मकान जाकर जनसंख्या का आंकड़ा जुटाने का कार्य*

Posted On: 24 Oct 2026 7:59PM
पलवल, 24 अक्टूबर।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि पलवल जिला में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां की जा रही हैं। इस जनगणना का मुख्य उद्देश्य जिला में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के साथ-साथ सटीक आंकड़े एकत्रित करना और नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि जनगणना के कार्य को प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए संबंधित स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनाने के लिए नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत जनवरी 2027 से नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और मकान से संबंधित निर्धारित विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद फरवरी 2027 से प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे और ऑनलाइन स्व-गणना के माध्यम से दर्ज किए गए विवरण का भी सत्यापन करेंगे।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि इस बार जनगणना के कार्य में डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जाएगा। प्रगणक निर्धारित मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से नागरिकों से संबंधित जानकारी दर्ज करेंगे। इससे आंकड़ों की सटीकता बढ़ाने, कार्य की निगरानी करने और पूरी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

*प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित 40 प्रश्नों के आधार पर जुटाई जाएगी जानकारी*
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि जनगणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। इसमें जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और अन्य निर्धारित पहलुओं से जुड़े कुल 40 प्रश्न शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध होने से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

*शत-प्रतिशत कवरेज के लिए विशेष क्षेत्रों पर रहेगा ध्यान*
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि जनगणना के दौरान जिले के प्रत्येक पात्र परिवार और व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके तहत बहुमंजिला इमारतों, नवविकसित सेक्टरों, किराये के मकानों, झुग्गी-बस्तियों तथा प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कोई भी क्षेत्र या परिवार जनगणना की प्रक्रिया से छूटने न पाए।

*नागरिकों की जानकारी की गोपनीयता रहेगी सुरक्षित*
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि जनगणना के दौरान एकत्रित की जाने वाली नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए जनगणना अधिनियम, 1948 तथा लागू नियमों के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिले के नागरिकों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) से अपील की कि वे जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग करें और मांगी गई जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता के लिए जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी नागरिकों के सहयोग से ही शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करते हुए विश्वसनीय जनसंख्या संबंधी आंकड़े तैयार किए जा सकते हैं।
000

 

*****

 


(Release ID: 9857)