सूरजकुंड दिवाली मेले की मुख्य चौपाल पर पंजाबी और हरियाणवी गीतों की धूम
- सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मिल रहा हरियाणवी और पंजाबी संस्कृति को करीब से जानने का अवसर
Posted On:
25 Oct 2026 7:13PM
सूरजकुंड (फरीदाबाद), 25 अक्तूबर।
तृतीय सूरजकुंड दिवाली मेला-2026 में मुख्य चौपाल पर लोक कलाकार पंजाबी और हरियाणवी गीतों से धमाल मचा रहे हैं। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां मेले में आने वाले पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। लोकगीतों की मधुर धुनों और जोशीली प्रस्तुतियों से मेले का माहौल उत्साह और उमंग से भर रहा है। वहीं कलाकार कुलदीप द्वारा अभिनेता एवं गायक किशोर कुमार के गाने गाकर उनकी यादों से दर्शकों को जोड़ने का काम किया।
मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम पर्यटकों के मनोरंजन के साथ उन्हें देश की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी प्रदान कर रहे हैं। मुख्य चौपाल पर कलाकार अपनी गायकी और प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणा और पंजाब की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर रहे हैं। पर्यटक इन प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद ले रहे हैं और कलाकारों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
लोक कलाकारों ने उन्हें इतना बड़ा मंच उपलब्ध करवाने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेला जैसे आयोजन कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और लोक संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं।सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले की रौनक बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
*****
(Release ID: 9877)