वैकल्पिक मार्ग तैयार, किसानों और ग्रामीणों को मिलेगी राहत : एसडीएम आकाश शर्मा
प्रशासन और रेलवे के समन्वय से जाखल-तलवाड़ा रोड पर अस्थायी रेलवे फाटक शुरू
Posted On:
24 Oct 2026 11:21AM
जाखल, 24 अक्तूबर। जाखल जंक्शन पर दोनों साइड में रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के निर्माण के चलते प्रभावित यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए जाखल-तलवाड़ा रोड पर अस्थायी रेलवे फाटक और वैकल्पिक सड़क मार्ग शुरू कर दिया गया है। इससे तलवाड़ा गांव सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों, किसानों और मंडी व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से धान खरीद सीजन के दौरान किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में राहत मिलेगी।
एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि उपायुक्त डॉ. विवेक भारती के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और रेलवे विभाग के आपसी समन्वय तथा सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों के सहयोग से यह व्यवस्था संभव हो पाई है। उपायुक्त ने निर्माण कार्य की प्रगति पर लगातार निगरानी रखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों के साथ आमजन की सुविधाएं भी प्रभावित न हों।
उन्होंने बताया कि जाखल में रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज का निर्माण कार्य जारी है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों, विशेषकर किसानों और मंडी व्यापारियों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग की आवश्यकता थी। प्रशासन ने रेलवे विभाग के साथ समन्वय कर इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए, ताकि कृषि गतिविधियों और मंडियों में धान खरीद का कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सके।
एसडीएम ने कहा कि अस्थायी फाटक शुरू होने से तलवाड़ा गांव से कनेक्टिविटी बहाल हुई है और आसपास के ग्रामीणों को भी आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध हुआ है। निर्माण कार्य पूरा होने तक यह व्यवस्था क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने रेलवे विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तत्परता की सराहना करते हुए किसानों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन, किसानों और व्यापारियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार रसविन्द्र सिंह सहित रेलवे एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और किसान मौजूद रहे।
फोटो: जाखल-तलवाड़ा रोड पर अस्थायी रेलवे फाटक शुरू होने के अवसर पर जानकारी देते एसडीएम आकाश शर्मा।
*****
(Release ID: 9889)