Urban Local Bodies
azadi ka amrit mahotsav

महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से विश्व को दिखाई सत्य और मर्यादा की राह : डीसी

जिला स्तरीय समारोह में स्वच्छता सेवकों का किया सम्मान

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा—महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज के लिए प्रेरणापुंज

अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही सरकार : कप्तान सिंह

Posted On: 26 Oct 2026 3:51PM
झज्जर, 26 अक्टूबर
महान ग्रंथ रामायण के रचयिता आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को सूचना, जनसंपर्क, भाषा तथा संस्कृति विभाग व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को याद किया गया। इस अवसर पर जिला में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता सेवकों को सम्मानित किया गया। एडीसी एवं डीएमसी जगनिवास ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला।
रामायण ने विश्व को दी नई दिशा, महापुरुषों की शिक्षाएं अपनाएं : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने अपने संदेश में कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी द्वारा रचित रामायण ने विश्व को नई दिशा प्रदान की है। उनके विचार और शिक्षाएं आज भी मानवता को सत्य, कर्तव्य, नैतिकता और मर्यादा का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा संत-महापुरुषों के विचारों और शिक्षाओं से युवा पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना शुरू की गई है। सरकार की ओर से इस प्रकार के आयोजन सन्त महात्माओं को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संविधान व्यक्ति को जीवन में आगे बढ़ने तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देते हैं। शिक्षा का जीवन में विशेष महत्व है और प्रत्येक व्यक्ति को इसके माध्यम से अपने व्यक्तित्व का विकास करना चाहिए।
डीसी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्श प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में प्रकाशपुंज की तरह हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक भेदभाव को दूर किया जा सकता है और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने जिले में स्वच्छता कार्यों में जुटे सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके द्वारा किया जा रहा उत्कृष्ट कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
महर्षि वाल्मीकि ने भगवान राम के आदर्शों से दुनिया को कराया परिचित : कप्तान सिंह
जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी केवल आदिकवि ही नहीं, बल्कि मानवता, सत्य, समानता और नैतिक मूल्यों के महान प्रतीक हैं। उनके द्वारा रचित रामायण ने संपूर्ण विश्व को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादाओं से परिचित कराया। यह महान ग्रंथ युगों-युगों से मानव समाज को सही मार्ग दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मबल और सच्चे संकल्प से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उनकी शिक्षाएं हमें कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
जिला परिषद के चैयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी के विचार आज भी समाज में सद्भाव, समानता और स्वच्छता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पूर्व चेयरपर्सन सुनीता चौहान और नगर परिषद झज्जर के चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने भी महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाएं समाज को एकता, समानता और सद्भाव के सूत्र में बांधने का संदेश देती हैं।
सातों खंडों और शहरी निकायों के स्वच्छता सेवकों को मिला सम्मान
समारोह के दौरान जिला में स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वच्छता सेवकों को सम्मानित किया गया। जिले के सातों खंडों और शहरी निकायों से उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता सेवकों (सफाई कर्मियों) को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में डीडीपीओ निशा तंवर ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। 
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष केशव सिंघल, डॉ.मनीष बंसल के साथ ही जिला प्रशासन की ओर से  सीटीएम ऋतु, डीडीपीओ निशा तंवर, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, एएफएसओ अमरजीत सिंह, एआईपीआरओ डॉ. अश्वनी शर्मा,बीडीपीओ बादली सुमित बेनीवाल, बीडीपीओ साल्हावास राहुल मेहरा, झज्जर नगर परिषद के ईओ देवेंद्र कुमार, बहादुरगढ़ नगर परिषद के ईओ संजय रोहिल्ला, बेरी नगरपालिका के सचिव पवित्र गुलिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
----------------
फोटो-1: महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित जिलास्तरीय समारोह को संबोधित करती डीसी वर्षा खांगवाल।
फोटो-2: जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता सेवकों को सम्मानित करती डीसी वर्षा खांगवाल।
फोटो-3: महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित समारोह में पुष्पांजलि अर्पित करते डीसी वर्षा खांगवाल व जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना।
---------------


 

*****

 


(Release ID: 9893)