azadi ka amrit mahotsav

खेलकूद, योग और अध्ययन को दिनचर्या में शामिल करें युवा:- उपायुक्त सतबीर सिंह

उपायुक्त सतबीर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया सम्मानित

Posted On: 26 Oct 2026 5:01PM

रोहतक, 26 अक्तूबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही समय पर उचित मार्गदर्शन, संसाधन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की है। उपायुक्त आज जिला के गांव जिंदरान में उत्थान युवा विकास समिति द्वारा प्रतिभा सम्मान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को संबोधित कर रहे थे।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने गांव में समिति द्वारा संचालित लाइब्रेरी का उद्घाटन किया और कहा कि लाइब्रेरी के सुधार एवं विस्तार को लेकर रखी गई मांगों को जिला प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास करेगा। उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि गांव के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी सकारात्मक पहलों में प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
सतबीर सिंह ने कहा कि गांव से निकलकर अनेक युवाओं ने उच्च पदों पर सेवाएं देकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने चंडीगढ़ के डीजीपी का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं के मार्गदर्शन के लिए हाल ही में पंचगामा मॉडल के तहत विशेष पहल भी शुरू की गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य निर्धारित करने और निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि हरियाणा और विशेषकर रोहतक की पहचान खेल प्रतिभाओं, स्वस्थ जीवनशैली और बेहतर खान-पान से रही है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने पैरालंपिक, एशियाड और एशियन चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है।
सतबीर सिंह ने कहा कि युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से खेलकूद, योग और ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। इससे एकाग्रता बढ़ती है और व्यक्ति सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ-साथ ज्ञानवर्धक साहित्य पढ़ने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकें इंसान की सच्ची साथी होती हैं और पढ़ने की आदत ज्ञान के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होती है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उपायुक्त सतबीर सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर जीवन में किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर सभी ग्रामीणों और बच्चों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गांव जिंदरान की निरंतर प्रगति, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में पहुंचने पर उत्थान युवा विकास समिति के प्रधान जोगेंद्र, गांव की सरपंच श्रीमती प्रोमिला, सुरेंद्र, राजेंद्र, अशोक, प्रदीप, दिनेश, विनोद, अजय, सोमबीर तथा ग्रामीणों ने उपायुक्त का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) राजपाल चहल, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


 

*****

 


(Release ID: 9903)