रोहतक, 26 अक्टूबर। हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का अमूल्य ग्रंथ है। डाॅ गुप्ता आज जिला प्रशासन द्वारा राज्य सरकार की संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत स्थानीय पाडा मोहल्ला स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर में आयोजित महर्षि वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रही थी।
डाॅ अर्चना गुप्ता ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित पवित्र रामायण ग्रंथ भगवान श्रीराम की मर्यादा, लक्ष्मण जी के समर्पण, माता सीता के त्याग तथा महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में लव-कुश के संस्कारों के माध्यम से कर्तव्यनिष्ठा, त्याग, अनुशासन और आदर्श जीवन की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को रामायण की शिक्षाओं और सनातन संस्कारों से युवा पीढ़ी को जोड़ना चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने मंदिर में महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
अध्यक्षा डाॅ अर्चना गुप्ता ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि ज्ञान और शिक्षा के प्रतीक हैं। समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। अभिभावक आर्थिक कठिनाइयों अथवा तात्कालिक लाभ के कारण बच्चों की पढ़ाई बीच में न छुड़वाएं, बल्कि हर परिस्थिति में उनकी शिक्षा पूरी करवाएं। विशेष रूप से बेटियों की उच्च शिक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है, क्योंकि शिक्षित बेटियां समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि जी के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नामकरण पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। केंद्र और हरियाणा सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना जैसी योजनाएं पात्र लाभार्थियों को सहायता प्रदान करती हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्रों में पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी दें और उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बाॅक्स:-
महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज को देती हैं नैतिकता और सदाचार की प्रेरणा:-मनीष कुमार ग्रोवर
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ऋषियों, मुनियों और संत-महापुरुषों की पावन धरा है। महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को मानवता, सदाचार और कर्तव्यनिष्ठा का मार्ग दिखाती हैं।
उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने, शिक्षा पर ध्यान देने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को संत-महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश भी दिया।
बाॅक्स:-
रामजोहड़ी को भव्य तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास:- मेयर राम अवतार वाल्मीकि
रोहतक नगर निगम के मेयर राम अवतार वाल्मीकि ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन, शिक्षाओं और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि रोहतक के ऐतिहासिक धार्मिक स्थल रामजोहड़ी को अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि तीर्थ की तर्ज पर भव्य तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि समाज के प्रतिनिधि अमृतसर स्थित वाल्मीकि धाम से पवित्र मिट्टी लेकर रोहतक पहुंचे, जिसे रामजोहड़ी स्थित तालाब में अर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि लगभग तीन से चार एकड़ क्षेत्र में फैले इस ऐतिहासिक स्थल को दर्शनीय और भव्य तीर्थ के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है, जिससे क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।
बाॅक्स:-
संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक:- सतीश नांदल
भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि, संत कबीर और संत रविदास सहित सभी संत-महापुरुषों ने मानवता, समानता, सद्भाव और नैतिकता का संदेश दिया है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। नई पीढ़ी को उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार संत-महापुरुषों की जयंतियों को सरकारी स्तर पर मनाकर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को महापुरुषों की शिक्षाओं से जोड़ना और देश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने शिक्षा के प्रसार, बेटियों के सशक्तीकरण, युवाओं को नशे से दूर रखने, सामाजिक समरसता बनाए रखने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया। समारोह में महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया। जिला प्रशासन की ओर से रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार व नगराधीश शुभम ने आये हुये मेहमानों को स्मृतिचिन्ह भेंट किये।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल, हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष रेनू डाबला, मेयर राम अवतार वाल्मीकि, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया, कार्यक्रम संयोजक नवीन बोहत बंटी, सुमिता भाटिया जांगडा, राजेश बोहत, सतपाल टांक, पार्षद ज्योति बोहत, चेयरमैन खुशी राम हुड्डा, पार्षद सुरेश किराड, कपिल नागपाल, अंजू सैनी, अनीता गर्ग, अमित जैन जोजी, संजय बिडलान, श्रीमती आशा लता, श्रीमती रिंकू, नीरा भटनागर, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे।