azadi ka amrit mahotsav

महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह का हुआ गरिमामय आयोजन

कर्मठ सफाई कर्मियों को किया गया सम्मानित

Posted On: 26 Oct 2026 5:17PM
रामायण सनातन परंपरा की है कालजयी रचना- चेयरपर्सन विनीता पीपल

-संत- महापुरुषों के जीवन चरित्र हैं प्रेरणादाई- डा. वंदना पोपली

रेवाड़ी, 26 अक्टूबर।
महर्षि वाल्मीकि ने हजारों साल पहले विश्व विख्यात रामायण रुपी जिस महाकाव्य की रचना की थी, उसका आज तक केवल अनुसरण ही हो पाया है। ऐसा सर्वश्रेष्ठ महान ग्रंथ कभी दोबारा नहीं लिखा गया।

 सोमवार को स्थानीय बाल भवन सभागार में जिला प्रशासन व सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा आयोजित किए गए महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए रेवाड़ी नगर परिषद की चेयरपर्सन विनीता पीपल ने ये उद्गार व्यक्त किए । समारोह की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष डा.वंदना पोपली ने की। एसडीएम दलबीर सिंह ने अतिथिगण का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह का शुभारंभ किया। 

चेयरपर्सन विनीता पीपल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारत देश के आदि कवि माने जाते हैं। उनके जीवन से वर्तमान पीढ़ी को कड़ी मेहनत और शिक्षा ग्रहण करने की प्रेरणा लेनी चाहिए। हजारों साल पहले उन्होंने संस्कृत भाषा में रामायण को सबसे पहले लिखा, जिसका आज भी श्रद्धा भाव से मनन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमें जीवन में महान विभूतियों के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरणा देते हैं।  

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही भाजपा जिलाध्यक्ष डा. वंदना पोपली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार द्वारा संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना चलाई जा रही है। इस परंपरा के शुरू होने से सामाजिक समरसता और महान संतों की गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया जा रहा है।  

 इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी धर्मवीर बलडोदिया ने भगवान वाल्मीकि तप, धर्म और ज्ञान से अपने जीवन को शीलवान बनाने के लिए प्रेरित किया। चेयरपर्सन विनीता पीपल व भाजपा जिलाध्यक्ष डा. वंदना पोपली ने सफाई कर्मचारियों को उनकी कर्मठ सेवा के लिए सम्मानित किया। एसडीएम दलबीर सिंह ने अतिथिगण को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रवीन शर्मा, जिला कार्यालय सचिव सत्यपाल धूपिया, दिनेश खिच्ची, गुलशन कुमार, भाजपा एससी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष दारा सिंह, मुकेश सारवान, सुनील मेंहदीरत्ता, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।
----------



 

*****

 


(Release ID: 9906)