azadi ka amrit mahotsav

*संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत गुरुग्राम में जिला स्तरीय महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह आयोजित*

Posted On: 26 Oct 2026 9:24PM
*संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत गुरुग्राम में जिला स्तरीय महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह आयोजित*


*विधायक मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि और मेयर राजरानी मल्होत्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में हुईं शामिल*

*महर्षि वाल्मीकि समस्त समाज के प्रेरणास्रोत, रामायण की शिक्षाएं मानवता के लिए अमूल्य धरोहर : मुकेश शर्मा*


*महर्षि वाल्मीकि का जीवन तपस्या, ज्ञान और समाज सेवा की प्रेरणा देता है : मेयर राजरानी मल्होत्रा*


गुरुग्राम, 26 अक्टूबर।
संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन गुरुग्राम की ओर से सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। लघु सचिवालय, गुरुग्राम में आयोजित समारोह में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि मेयर राजरानी मल्होत्रा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में महर्षि वाल्मीकि के जीवन, आदर्शों और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। 


*महर्षि वाल्मीकि समस्त समाज के प्रेरणास्रोत, रामायण की शिक्षाएं मानवता के लिए अमूल्य धरोहर : मुकेश शर्मा*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि किसी एक समाज तक सीमित नहीं, बल्कि समस्त सनातन समाज और मानवता के प्रेरणास्रोत हैं। उनकी महान रचना रामायण भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो पीढ़ियों से समाज को मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और सदाचार की शिक्षा दे रही है। माता सीता को अपने आश्रम में आश्रय देकर उन्हें पिता जैसा स्नेह देने और लव-कुश को श्रेष्ठ संस्कार एवं शिक्षा प्रदान करने का उनका प्रसंग करुणा, संवेदनशीलता और गुरु-शिष्य परंपरा का अनुपम उदाहरण है। विधायक ने कहा कि सच्ची श्रद्धा तभी सार्थक होगी, जब हम उनके विचारों को अपने आचरण में उतारते हुए बच्चों की शिक्षा, जरूरतमंदों की सहायता, स्वच्छता और समाज सेवा को प्राथमिकता देंगे। 


*मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में महापुरुषों के सम्मान और कर्मचारी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हरियाणा सरकार : मुकेश शर्मा*

विधायक मुकेश शर्मा ने हरियाणा सरकार की ओर से प्रत्येक जिले में महर्षि वाल्मीकि जयंती के आयोजन की पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महापुरुषों के सम्मान, सामाजिक समरसता और सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर इस प्रकार के सरकारी आयोजन महापुरुषों की शिक्षाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे सरकार के प्रयासों के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जरूरतमंदों की सेवा को जनआंदोलन बनाएं तथा बच्चों को शिक्षित और संस्कारवान बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

*महर्षि वाल्मीकि का जीवन तपस्या, ज्ञान और समाज सेवा की प्रेरणा देता है : मेयर राजरानी मल्होत्रा*

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। कठोर तपस्या, ज्ञान और साधना के बल पर उन्होंने भारतीय साहित्य को अमूल्य धरोहर प्रदान की। आदि कवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण आज भी समाज को मर्यादा, संस्कार और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देती है। माता सीता को अपने आश्रम में आश्रय देना और लव-कुश का पालन-पोषण कर उन्हें श्रेष्ठ संस्कार प्रदान करना उनके महान व्यक्तित्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को समाज के कल्याण और मानव सेवा के लिए आगे आना चाहिए। गुरुग्राम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में स्वच्छता कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनके परिश्रम और समर्पण के बिना शहर को स्वच्छ रखना संभव नहीं है। उन्होंने स्वच्छता कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलने और समाज सेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका संघ के पूर्व प्रदेश प्रमुख बसंत कुमार तथा पूर्व जिला प्रमुख राजेश कुमार ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, गुरुग्राम के संयुक्त निगम आयुक्त प्रीतपाल, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार तथा वरिष्ठ भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
0000

 

*****

 


(Release ID: 9910)