जिले की मंडियों में 37,737 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद, किसानों की सुविधा पर विशेष जोर
उपायुक्त अखिल पिलानी ने अधिकारियों को खरीद, उठान और भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने के दिए निर्देश
Posted On:
27 Oct 2026 10:08AM
नूंह, । उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की अनाज मंडियों में बाजरा खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के साथ किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को गेट पास बनवाने, फसल की खरीद, माप-तोल और भुगतान तक किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
उपायुक्त ने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में बिजली, पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही फसल में नमी की जांच, खरीद प्रक्रिया और खरीदे गए बाजरे के उठान पर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
तावड़ू मंडी में सर्वाधिक 14,967.90 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि 25 अक्टूबर 2026 तक जिले की पांचों अनाज मंडियों में कुल 37,737 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद दर्ज की गई है। मंडीवार आंकड़ों के अनुसार तावड़ू मंडी में 14,967.90 मीट्रिक टन, पुन्हाना में 11,110.10 मीट्रिक टन, फिरोजपुर झिरका में 9,655.40 मीट्रिक टन, नूंह में 1,710.80 मीट्रिक टन तथा पिनगवां मंडी में 292.80 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद हुई है।
उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को जिले में कुल 9.50 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद हुई। इसमें तावड़ू मंडी में 4 मीट्रिक टन और फिरोजपुर झिरका मंडी में 5.50 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद शामिल है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदे गए बाजरे का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए और किसानों को उनकी फसल का भुगतान निर्धारित समयसीमा के अनुसार मिले। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
*****
(Release ID: 9911)