महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाकर समाज को आगे बढ़ाने की जरूरत : विपुल गोयल
फिरोजपुर झिरका में अग्रसेन जयंती समारोह में पहुंचे राजस्व मंत्री, प्राचीन तालाब के नवीनीकरण सहित तीन मांगों पर जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा
Posted On:
27 Oct 2026 10:04AM
नूंह/फिरोजपुर झिरका, 26 अक्टूबर। हरियाणा सरकार के राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्श समाज में समानता, अहिंसा, आपसी सहयोग और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। महाराजा अग्रसेन द्वारा दी गई ‘एक ईंट-एक रुपया’ की परंपरा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सहयोग देने और जरूरतमंदों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है।
राजस्व मंत्री विपुल गोयल रविवार रात्रि फिरोजपुर झिरका में अग्रवाल महासभा के तत्वावधान में सिविल लाइन रोड स्थित नवग्रह मंदिर के सामने अग्रसेन वाटिका में आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर अग्रवाल महासभा की कार्यकारिणी ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मंत्री ने अग्रसेन वाटिका स्थित महाराजा अग्रसेन मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित किया और कुलदेवी माता महालक्ष्मी के समक्ष नमन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को महाराजा अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
प्राचीन तालाब के नवीनीकरण सहित तीन मांगें रखीं
कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल महासभा फिरोजपुर झिरका की कार्यकारिणी ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें अग्रसेन वाटिका में स्थित प्राचीन तालाब का नवीनीकरण, वाटिका के मुख्य प्रवेश द्वार को भव्य स्वरूप देना तथा शहर में महाराजा अग्रसेन के नाम से चौराहा विकसित करना शामिल है।
मंत्री विपुल गोयल ने महासभा की कार्यकारिणी से इन तीनों कार्यों के एस्टीमेट जल्द तैयार करवाकर उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद संबंधित कार्यों को पूरा करवाने के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को आगे बढ़ाने और अग्रवाल समाज की पहचान को मजबूत करने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
‘एक ईंट-एक रुपया’ की भावना से समाज को मजबूत बनाने का संदेश
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने अहिंसा, समानता और परस्पर सहयोग का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। उनकी ‘एक ईंट-एक रुपया’ की परंपरा सामाजिक सहभागिता और जरूरतमंदों की मदद का प्रेरणादायी उदाहरण है। इस भावना को अपनाकर समाज के लोग एक-दूसरे की सहायता कर सकते हैं और सामाजिक कार्यों को मजबूती दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज ने हमेशा देश और समाज की उन्नति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
महासभा के पदाधिकारियों ने मंत्री को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार गर्ग, जिला महामंत्री जितेंद्र गोयल, जिला उपाध्यक्ष अग्रसेन गोयल, अग्रवाल महासभा के प्रधान डॉ. यतेंद्र गर्ग, पूर्व मार्केट कमेटी चेयरमैन सुनील जैन, नगरपालिका चेयरमैन मनीष जैन, युवा कार्यकारिणी प्रधान ललित गोयल, राजेश बंसल, जुगल किशोर मंगला सहित महिला कार्यकारिणी की सदस्य मौजूद रहीं। महासभा के पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
*****
(Release ID: 9913)