Enviornment & climate Change
वायु प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी विभाग गंभीरता से करें कार्य : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने सम्बन्धित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
रोड डस्ट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और निर्माण स्थलों पर नियमों की अनदेखी करने वालों पर होगी कार्रवाई
डीसी ने दिए निर्देश-प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के चालान के साथ किए जाएं इंपाउंड, होटल व ढाबों पर तंदूर से होने वाले प्रदूषण पर भी रखें नजर
डीसी की जनता से अपील-कचरा न जलाएं, निर्माण सामग्री ढककर रखें और प्रदूषण नियंत्रण में प्रशासन का सहयोग करें
Posted On:
27 Oct 2026 1:17PM
झज्जर, 27 अक्टूबर
वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए डीसी वर्षा खांगवाल ने सभी संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्य करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी करते हुए ठोस कार्रवाई करें।
डीसी ने निर्देश दिए कि सड़कों पर धूल उड़ने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। रोड डस्ट वाले क्षेत्रों की पहचान कर नियमित आवश्यकतानुसार पानी का छिड़काव तथा धूल नियंत्रण के अन्य उपाय सुनिश्चित किए जाएं। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान किए जाएं और कचरे के अनुचित निस्तारण पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण, उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश
डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण स्थलों की नियमित साइट विजिट करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान धूल उड़ने से रोकने के लिए निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। निर्माण सामग्री को ढककर रखने, धूल नियंत्रण के उपाय अपनाने तथा निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन करने की जांच की जाए। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के चालान और इंपाउंडिंग सुनिश्चित करें
डीसी ने यातायात और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की पहचान कर उनके चालान किए जाएं। आवश्यक कानूनी प्रावधानों के तहत ऐसे वाहनों को इंपाउंड करने की कार्रवाई भी की जाए। वाहन प्रदूषण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित जांच और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
होटल और ढाबों में तंदूर से होने वाले प्रदूषण पर भी नजर रखें
डीसी ने होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तंदूर के इस्तेमाल से होने वाले प्रदूषण पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें कि तंदूर और ईंधन का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप हो तथा प्रदूषण नियंत्रण मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। डीसी ने कहा कि झज्जर जिला में ग्रामीण क्षेत्र में कहीं भी यदि कूड़ा करकट जलता है तो सम्बन्धित सरपंच जिम्मेदार होंगे।
डीसी की अपील-प्रदूषण रोकने में निभाएं अपनी जिम्मेदारी
डीसी वर्षा खांगवाल ने आमजन से अपील की कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में प्रशासन का सहयोग करें और पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि कूड़ा-कचरा और पत्तियां खुले में न जलाएं, कचरे का उचित निस्तारण करें, निर्माण सामग्री को ढककर रखें और अनावश्यक धूल उड़ने से रोकने में सहयोग दें। वाहन चालकों से अपील है कि अपने वाहनों की नियमित सर्विसिंग कराएं और प्रदूषण संबंधी निर्धारित मानकों का पालन करें। होटल, ढाबा संचालक और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी प्रदूषण नियंत्रण नियमों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। जनसहभागिता और विभागीय समन्वय से ही स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। सभी नागरिक नियमों का पालन करें और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों से बचें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।
-----------
फ़ोटो कैप्शन : झज्जर में डीसी वर्षा खांगवाल ने वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सम्बन्धित अधिकारियों की बैठक ली।
------------
*****
(Release ID: 9917)