Haryana State Legal Services Authority(HSLSA)
*फरीदाबाद के 11 विद्यालयों में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक*
Posted On:
27 Oct 2026 5:00PM
फरीदाबाद, 27 अक्टूबर।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), फरीदाबाद द्वारा ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के 11 विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मुजेसर, फरीदाबाद सहित निर्धारित विद्यालयों में श्री जितेंद्र सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद तथा श्री सौरभ शर्मा, प्रधान न्यायाधीश, किशोर न्याय बोर्ड, फरीदाबाद ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियाँ प्रदान कीं।
कार्यक्रमों के दौरान बच्चों को उनके अधिकारों, बाल यौन शोषण से बचाव, बाल संरक्षण कानून, इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, बाल विवाह की रोकथाम तथा किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी गलत घटना या परेशानी की स्थिति में चुप रहने के बजाय अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें और समय पर सहायता प्राप्त करें।
इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना तथा एक सुरक्षित और स्वस्थ बचपन सुनिश्चित करना है। कार्यक्रमों में शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को भी बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने और उन्हें उचित मार्गदर्शन देने के लिए प्रेरित किया गया।
ये सभी कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद जगदीप सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे तक उसके अधिकारों एवं सुरक्षा से संबंधित कानूनी जानकारी पहुँचे, ताकि बच्चे जागरूक, सुरक्षित एवं सशक्त बन सकें।
*****
(Release ID: 9943)